मुजफ्फरपुर में JDU के प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह के खिलाफ कोर्ट में परिवाद, यह लगाया आरोप... Muzaffarpur News
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के प्रति आपत्तिजनक बयान का मामला। परिवाद पर सीजेएम कोर्ट में पांच नवंबर को सुनवाई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधान पार्षद संजय सिंह के खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एसके तिवारी के कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया है। यह परिवाद सदर थाना के आइजी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता राजीव सिंह ने दाखिल किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के प्रति उनके आपत्तिजनक बयान को परिवाद का आधार बनाया गया है। सीजेएम ने परिवाद की सुनवाई के लिए पांच नवंबर की तारीख मुकर्रर की है।
परिवाद में यह लगाया आरोप
अधिवक्ता राजीव सिंह ने परिवाद में कहा है कि वे पांच अक्टूबर को अपने घर में टीवी पर न्यूज चैनल देख रहे थे। एक समाचार में जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधान पार्षद संजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के संबंध में आपत्तिजनक बातें कहीं। अधिवक्ता ने कहा है कि गिरिराज सिंह उनके आदर्श है। वे जन-जन के नेता हैं व लाखों लोग उनके समर्थक हैं। संजय सिंह के अमर्यादित बयान से ये सभी मर्माहत हैं। उनका बयान धार्मिक भावना को भी ठेस पहुंचाने वाला है।