Lok Sabha Election Phase 5: वोटिंग को लेकर उत्साहित रहे लोग, शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
समय के साथ-साथ बूथों पर लोगों की भीड़ बढ़ते जा रही थी। रहिका प्रखंड के सतलखा गरोखर बूथ 260 262 पर मतदाता छह बजे ही पहुंच गए थे।
मधुबनी, जेएनएन। पांचवें चरण के तहत मधुबनी लोकसथा क्षेत्र में सोमवार सुबह सात बजे शांतिपूर्ण मतदान हुआ संपन्न। सुबह छह बजे से ही हल्की धूप में विभिन्न बूथो पर वोटरों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। यहां 1837 बूथों पर 17.91 लाख मतदाता हैं। जगह-जगह ड्राप गेट और चेकिंग प्वाइंट्स पर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नेपाल से लगने वाली जिले की सीमा और अंतरजिला सीमा को सील कर दिया गया है।
सीपीएफ की 22 और बीएमपी की 17 कंपनियां मुस्तैद हैं। साथ ही 15 हजार होमगार्ड्स सहित पांच हजार पुलिस बल और पुलिस पदाधिकारी सुरक्षा ड्यूटी में लगे हैं। मतदान के मद्देनजर स्थानीय बाजार बंद हैं।
सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था
मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्राें पर न केवल तैनात पुलिस बल सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं वरन अशक्त व वृद्ध मतदाताओं सहित अन्य को भी सहयोग कर रहे हैं। जिससे मतदाताओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा हुआ दिखता है। बिस्फी में घुड़सवार दस्ता दल मुस्तैदी से गश्त लगाते दिख रहे हैं।
सुबह छह बजे से ही लग गई थी कतार
विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह छह बजे से ही मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचने लगे थे। जिसमें आधी आबादी की संख्या अधिक थी। हुसैनपुर प्राथमिक विद्यालय बूथ संख्या 262 की मतदाता पुष्पा देवी, लीला देवी, रामसुन्नरी देवी ने कहा कि आज हम पहले मतदान करेंगी। उसके बाद ही घर के कोई काम होंगे। मधुबनी शहर के शिवगंगा बालिका जमा दाे विद्यालय बूथ संख्या 48 पर सभी महिला मतदान कर्मी ही तैनात हैं।
गरोखर में सवा घंटे देर से शुरू हुआ मतदान
रहिका प्रखंड अंतर्गत सतलखा हुसैनपुर गरोखर प्रावि मतदान केंद्र संख्या 262 पर सवा घंटा देर से मतदान शुरू हुआ। यहां ईवीएम के कंट्रोल पैनल में खराबी आ गई थी। जानकारी मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ज्योतिश्वर शिवम तत्काल पहुंचे और जांच कर दूसरा कंट्रोल पैनल लगाया। तब जाकर मतदान सुबह सवा आठ बजे शुरू हो सका। इस दौरान मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। वहीं इसके बगल स्थित बूथ संख्या 260 पर सात मत गिरने के बाद वीवीपैट में खराबी आ गई। जिसे तत्काल बदल कर ठीक कर लिया गया। जिससे यहां 25 मिनट मतदान बाधित रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप