Lalu Yadav Health News : मुजफ्फरपुर में राजद सुप्रीमो के लिए मांगी जा रही दुआ, हवन-पूजन
Lalu yadav health condition राजद नेताओं ने बाबा गरीब स्थान मंदिर में की पूजा पाठ। जिला अध्यक्ष और विधायकों ने फिर से शुरू की उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। सांस लेने में परेशानी होने की सूचना आते ही बेचैन हुए
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की सेहत में जल्द सुधार के लिए राजद नेताओं ने पूजा-पाठ एवं दुआ करना शुरू कर दिया है। वे अभी झारखंड की राजधानी रांची में चारा घोटाला (Fodder Scam)में जेल की सजा काट रहे हैं। अभी उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है। जबसे जिले के नेता एवं कार्यकर्ता को उनके खराब हो रहे स्वास्थ्य की जानकारी मिली है वे उनके स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हालांकि शुक्रवार की जांच के बाद यह कहा जा रहा है लालू प्रसाद की तबीयत अब स्थिर है। इस बीच उनसे मिलने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri devi), पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ( Tejaswi yadav) व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रतात यादव (Tej pratap yadav)रांची पहुंच गए हैं।
जिला राजद अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रार्थना सभा कर उनके पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि करोड़ों बिहारवासियों की दुआ राजद सुप्रीमो के साथ है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता उनके स्वस्थ रहने की प्रार्थना कर रहा है। उम्मीद है कि वे स्वस्थ होकर एक बार फिर पार्टी को आगे पढ़ाने में अपना आशीर्वाद देंगे।
वहीं युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोएब ने भी उनके स्वास्थ्य में सुधार को दुआ मांगी है। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीम ने गरीबों को समाज के मुख्य धारा से जोडऩे का काम किया। उनके अस्वस्थ रहने की सूचना के बाद पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उनके स्वास्थ्य में सुधार को दुआ मांग रहे है। महानगर राजद अध्यक्ष राई शाहिद इकबाल मुन्ना ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनके स्वस्थ होने की दुआ मांगी। उधर, कांटी विधायक इसराइल मंसरी और औराई विधायक निरंजन राय ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं छात्र राजद के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने भी अपने साथियों के साथ लालू प्रसाद यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर पूजा पाठ आरंभ कर दिया है।