सीतामढी के सोनबरसा में मजदूर की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस Sitamarhi News
सीतामढी के सोनबरसा के जयनगर पंचायत की घटना। पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने सामने से मारी गोली।
सीतामढ़ी, जेएनएन। जयनगर पंचायत के कोहबरबा गांव स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने गुरुवार को अपराधियों ने एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। पहले से घात लगाए लाल रंग की अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के सामने घटना को अंजाम दिया। मजदूर की पहचान सिया लाल राउत के रूप में की गई है। गोली उसके मुंह व नाक के बीच लगी। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। अपराधी फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे।
घटना स्थल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर सियालाल का घर है। उसके परिजन भी दौड़े। जख्मी मजदूर को तुरंत सोनबरसा पीएचसी ले जाया गया मगर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि वह चिलरा गांव के विजय कुमार के चिमनी में मजदूरी करता था। घटना करीब छह बजे की है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन चल रहा है। सियालाल चार भाई है। सभी मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। घर में कोहराम मच गया है। मृतक शादीशुदा था। उसे एक पुत्र सुभाष कुमार व दो पुत्री सुमन तथा श्रृष्टि हैं।
घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि एक मजदूर से अपराधियों की क्या अदावत हो सकती है। इससे पहले 18 फरवरी को इसी थाना क्षेत्र में कुख्यात इंदल महतो की हत्या कर दी गई थी। इंदल कुख्यात मुकेश कुमार उर्फ मुक्का व राकेश उर्फ पहाड़ी का भाई था। हत्या की यह दूसरी वारदात है।