केरल में सड़क दुर्घटना में पश्चिम चंपारण के मजदूर की मौत, स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल
West Champaran News केरल मजदूरी करने गए पश्चिम चंपारण के रामपुर गांव निवासी अमर दिसवा(50) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। दो माह पूर्व बेटी की शादी की तैयारी के लिए कमाने गया था केरल। गरीबी के कारण मृतक का शव भी नहीं लाया गया गांव।
पश्चिम चंपारण, जागरण संवाददाता। केरल मजदूरी करने गए भंगहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी अमर दिसवा(50) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। रविवार की सुबह में उसके मौत की सूचना घर वालों को मिली। मृतक की पत्नी हीरामती देवी व बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक रोजी रोटी के लिए दो माह पूर्व मजदूरी करने केरल गया था। शनिवार की सुबह में काम करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप में घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।
मृतक को दो लड़की और एक लड़का है। बड़ी बेटी सुष्मिता कुमारी की शादी करने के लिए मृतक केरल में मजदूरी करने गया था। बेटी सुष्मिता इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही है। गरीबी के कारण मृतक का शव भी गांव में नहीं आ सका। मृतक की पत्नी ने बताया कि शव लाने के लिए भाड़ा देने के पैसे उसके पास नहीं है। केरल से शव को गांव मंगाने में लगभग नब्बे हजार रुपये खर्च है। ऐसे में मृतक के साथ रह रहे मजदूरों ने केरल में हीं दाह संस्कार कर दिया। भाजपा के नेता अशोक सुब्बा ने बताया कि मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। इस वजह से शव का अंतिम संस्कार केरल में हीं कर दिया गया। सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास किया जाएगा।