जानिए किस आरोप में दारोगा व जमादार किए गए लाइन हाजिर, और कौन-कौन हैं कार्रवाई की जद में
सिटी एसपी ने अहियापुर के एक दारोगा दो जमादार नगर व काजीमोहम्मदपुर थाना के मुंशी पर की कार्रवाई। काम में शिथिलता बरतने पर की गई कार्रवाई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। काम के प्रति शिथिलता बरतने वाले दारोगा, जमादार व दो मुंशी सहित पांच के विरुद्ध सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह ने कार्रवाई की है। इन सभी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसमें अहियापुर थाना के दारोगा राजेंद्र पासवान, जमादार हिमांशु शेखर झा व शत्रुघ्न शर्मा, नगर थाना के मुंशी मदन कुमार और काजीमोहम्मदपुर थाना के मुंशी शामिल हैं। सिटी एसपी ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
फरियादियों से अभद्र व्यवहार का आरोप
अहियापुर के पुलिस पदाधिकारियों पर कार्य में लापरवाही व थाना पर पहुंचने वाले फरियादियों से अभद्र व्यवहार का आरोप था। नगर थाना के मुंशी पर वायरलेस पर अधिकारियों को गलत जानकारी देने का आरोप था। उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारी को गश्ती दल के बारे में गलत जानकारी दी थी। उस समय गश्ती में सिर्फ दो पुलिसकर्मी थे, जबकि उनसे छह बताए गए थे। काजीमोहम्मदपुर थाना के मुंशी पर भी यही आरोप था। इन दोनों मुंशियों द्वारा दी गई जानकारी गलत निकली थी।