VIDEO : Weather update : जानिए तेज हवा और बारिश ने कैसे उत्तर बिहार में मचाई तबाही, ये जिले रहे प्रभावित
Weather update पूर्वी चंपारण सीतामढ़ी शिवहर मधुबनी व मुजफ्फरपुर जिले में गिरे ओले। रबी फसल को भारी नुकसान तेज हवा से फूस के कई घर गिरे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में शुक्रवार रात तेज हवा के साथ फिर जमकर बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर ओले भी गिरे। इससे रबी फसल को भारी क्षति पहुंची। खेत में लगी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। आम, मूंग व उड़द को भी क्षति पहुंची। हालांकि, जानमाल के नुकसान की खबर नहीं हैं। लेकिन तेज हवा से फूस के कई घर गिर पड़े। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बारिश के साथ ओले गिरे
पूर्वी चंपारण में बारिश के साथ ओले गिरे। मधुबनी में आधा-आधा किलो के ओले गिरे। सीतामढ़ी और शिवहर में भी बारिश के साथ ओले गिरे। मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी, बोचहां और गायघाट में बारिश के साथ ओलावृष्टि की खबर है।
यहां वीडियो में देखें आंधी और बारिश का दृश्य
72 घंटे तक ओलावृष्टि की संभावना
गौरतलब है कि शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा के मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के अधिकतर स्थानों पर अगले 48 से 72 घंटे में गरज वाले बादल बनने के साथ बारिश और तेज हवा के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। दो दिन पूर्व भी जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। इसमें दौनी के लिए रखी गेहूं की फसल को भारी क्षति हुई थी।
पूर्वी चंपारण में फसलों को भी भारी क्षति
जिले में शुक्रवार रात अचानक आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि से जहां आम जनजीवन प्रभावित हो गया, वहीं फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है। बारिश व ओलावृष्टि का ज्यादा प्रभाव सिकरहना व पकड़ीदयाल अनुमंडल क्षेत्रों में रहा। इस कारण खेतों मे खड़ी गेहूं की फसल की काफी बर्बाद हुई। वहीं कटनी के बाद जो फसल दौनी के लिए रखी थी उसके भी खराब होने की आशंका है, क्योंकि दो दिन पूर्व हुई बारिश के कारण यह भींग गई थी। गेहूं के अलावा आम, मूंग व उड़द की फसल को ओलावृष्टि से क्षति पहुंची है। आम के पेड़ों में इस वर्ष काफी मंजर आये थे जो प्रतिकूल के कारण झड़कर गिर गए हैं।