Eid-ul-Fitr : फासला रखते हुए पढ़ी ईद की नमाज और गुलाब भेंटकर दीं एक-दूसरे को शुभकामनाएं
Eid-ul-Fitr लॉकडाउन के कारण ईदगाहों मस्जिदों में सामूहिक नमाज नहीं। नहीं मिले गले। हाथ मिलाने से रखा परहेज। मोबाइल पर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। आज ईद-उल-फितर मनाया जा रहा है। हालांकि इस बार कोरोना महामारी का इस पर स्पष्ट प्रभाव दिख रहा है। सोमवार की सुबह लोगों ने लॉकडाउन की पाबंदियों के बीच फासला रखते हुए ईद की नमाज अदा की। इसके बाद गुलाब भेंटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
परिवार के साथ ही लिया आनंद
ईदगाह व मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा नहीं की गई। शारीरिक दूरी के आदेश का पालन करते हुए लोगों ने गले मिलने और हाथ मिलाने से भी परहेज ही रखा। अधिकांश लोगों ने घर पर ही नमाज अदा की। एक-दूसरे के घर आने-जाने से भी इस बार लोग बचते दिख रहे हैं। परिवार के साथ ही लोग व्यंजन और पकवान का स्वाद ले रहे हैं। मोबाइल पर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी है।
गोशाला ईदगाह के सचिव मो. इकबाल कुरैशी ने कहा कि यह पहला अवसर है जब ईदगाह में नमाज अदा नहीं की गई। पीर मोमिन शाह मजार स्थित गौसिया ईदगाह के सचिव प्रो. फारुक अहमद सिद्दीकी ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से यहां नमाज अदा नहीं की गई।
पांच लोगों के साथ नमाज
ईदगाह व मस्जिदों में सामूहिक नमाज पर रोक के बाद समुदाय के लोगों ने पांच लोगों के साथ शारीरिक दूरी का पालन कर नमाज अदा करने का फैसला किया। नमाज को लेकर मुफ्ती की राय एवं सरकार के आदेश का उल्लंघन नहीं हो इसका ख्याल रखा जा रहा है।
क्वारंटाइन केंद्रों पर विशेष व्यवस्था
क्वारंटाइन केंद्रों पर भी सोमवार को ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान शारीरिक दूरी के पालन का ख्याल रखा गया। लोगों ने अमन-चैन और भाईचारा की दुआ की। जिला प्रशासन ने ईद के मौके पर सभी क्वारंटाइन केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की है। सेवई आदि व्यंजन बनाए गए है। आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यालय की गाइड लाइन पर यह विशेष व्यवस्था की गई है ।