Bihar Chunav 2020: जेपी नड्डा का तेजस्वी पर तंज, कहा- नीतीश बाबू को काम और जंगलराज के युवराज को आराम पसंद है
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 पश्चिम चंपारण में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी सभा को किया संबोधित। बोले- जंगलराज के युवराज को आराम पसंद है। वे बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता थे। सदन में कभी नहीं गए। ऐसे में नीतीश बाबू को काम दीजिए।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। लौरिया के साहू जैन हाई स्कूल में आयोजित चुनावी सभा में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जंगलराज के युवराज को आराम पसंद है। वे बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता थे। सदन में कभी नहीं गए। ऐसे में जो काम करना चाहता है , उसे काम दो और जो आराम चाहता है उसे आराम दो। इसलिए मैं कहता हूं कि नीतीश बाबू को काम दो और जंगलराज के युवराज को आराम दो। आपसबों को याद होगा कि पहले चुनावी सभा में विकास की चर्चा नहीं होती थी। अब विकास की बात होती है। पहले रैलियों का नाम लाठी में तिल पिलावन रैली होती थी, अब बिहार में विकास रैली होती है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ रहा है।
युवराज नौकरी देने का झांसा दे रहे हैंं। राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव कोरोना काल में बिहार में नहीं थे। ये लोग दिल्ली में बैठे हुए थे। जिसने कोरोना में आपसबों का दुख दर्द समझा, खाने की व्यवस्था की। परदेस में फंसे लोगों को घर तक पहुंचाया, वह एनडीए की सरकार है। इस लिए विकास चाहिए तो एनडीए के उम्मीदवारों को मत देना होगा।
बिहार में शिक्षा का स्तर काफी प्रयास करने के बाद सुधरा है। अब बेटियां साइकिल से स्कूल जा रही हैं। बेटियों की पढ़ाई के लिए सरकार पैसे देती है। बिहार की बेटियां अभी प्रगति के पथ पर है। पुलिस, सेना एवं अन्य जगहों पर बिहारी प्रतिभा की लोहा मनवा रहीं हैं।