Move to Jagran APP

मधुबनी जिले में एक नगर पंचायत का इजाफा, बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय नहीं पा सका शहरी निकाय का दर्जा

मधुबनी जिले के फुलपरास अनुमंडल मुख्यालय को नगर पंचायत के रूप में अधिसूचित किए जाने के साथ ही इनकी संख्या चार हो गई है। वहीं मधुबनी नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा दिया गया है। लेकिन बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय को शहरी निकाय नहीं बनाए जाने से वहां मायूसी है।

By Vinay PankajEdited By: Published: Sun, 27 Dec 2020 04:14 PM (IST)Updated: Sun, 27 Dec 2020 04:14 PM (IST)
मधुबनी जिले में एक नगर पंचायत का इजाफा, बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय नहीं पा सका शहरी निकाय का दर्जा
बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय स्थित अनुमंडल कार्यालय का प्रशासनिक भवन

मधुबनी, जासं। मधुबनी नगर परिषद को उत्क्रमित कर नगर निगम का दर्जा दे दिया गया है। नगर परिषद, मधुबनी को नगर निगम के रुप में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। वहीं, जिले में फुलपरास नगर पंचायत के रूप में एक और नई नगर पंचायत  का सृजन किया गया है। इसके साथ ही अब जिले के जयनगर, झंझारपुर, फुलपरास अनुमंडलों एवं जिला मुख्यालय में शहरी निकाय हो गए हैं। इसके अलावा घोघरडीहा नगर पंचायत पहले से ही है। जबकि, घोघरडीहा अनपुमंडल नहीं बल्कि प्रखंड ही है। लेकिन वहीं बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय को शहरी निकाय नहीं बनाए जाने से वहां के लोगों में मायूसी है। 

loksabha election banner

 बेनीपट्टी अनुमंडल वासियों की आस रही अधूरी :

 बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय रहते हुए भी इसे शहरी निकाय नहीं बनाया जाना वहां के लोगों को रास नहीं आ रहा है। उम्मीद की जा रही थी कि बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय को भी शहरी निकाय के रुप में अधिसूचित किया जाएगा। लेकिन, फिलहाल ऐसा नहीं किया जा सका है। जिस कारण बेनीपट्टी के लोगों को शहरी निकाय के लिए अभी इंतजार ही करना पड़ेगा। 

 जयनगर, झंझारपुर नपं भी उत्क्रमित होने से रह गईं वंचित :

 हालांकि, जयनगर एवं झंझारपुर नगर पंचायत को भी उत्क्रमित कर नगर परिषद का दर्जा देने की आस लगाए वहां के लोग बैठे थे। लेकिन, जयनगर एवं झंझारपुर नगर पंचायत को नगर परिषद में उत्क्रमित नहीं किए जाने से वहां के लोगों को भी निराशा ही हाथ लगी है। वहीं, जिले के कई प्रखंड मुख्यालय के लोग भी अपने प्रखंड मुख्यालय को शहरी निकाय अधिसूचित किए जाने की बाट जोह रहे थे, लेकिन ऐसे लोगों को भी निराशा ही हाथ लगी है।

 इस तरह बदल गई जिले की संरचना :

 बहरहाल, अब जिले में एक भी नगर परिषद नहीं रहा। अब जिले में एक नगर निगम हो गया है। वहीं, जिले में नगर पंचायतों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गई है। जिले का सदर अनुमंडल मुख्यालय सह जिला मुख्यालय अब नगर निगम बन गया है। जिले के जयनगर एवं झंझारपुर अनुमंडल मुख्यालय तो पहले से ही नगर पंचायत हैं और अब फुलपरास अनुमंडल मुख्यालय भी नगर पंचायत बन गया है। अब जिले का केवल एक अनुमंडल मुख्यालय बेनीपट्टी ही शहरी निकाय बनने से वंचित रह गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.