Move to Jagran APP

पश्चिम चंपारण में उप मुख्यमंत्री ने कहा- किसानों के हित में कृषि कानून, आमलोगों को इसकी खूबियां समझाएं कार्यकर्ता

राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे द्वारा पश्चिम चंपारण के पुरैनिया हरसरी गांव में विधायक व कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह सह किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने नए कृषि कानूनों की खूबियां गिनाईं और पार्टी कार्यकर्ताओं से जन-जन तक इस संबंध में जागरूक करने का आह्वान किया।

By Vinay PankajEdited By: Published: Sun, 20 Dec 2020 07:42 PM (IST)Updated: Sun, 20 Dec 2020 07:42 PM (IST)
पश्चिम चंपारण में उप मुख्यमंत्री ने कहा- किसानों के हित में कृषि कानून, आमलोगों को इसकी खूबियां समझाएं कार्यकर्ता
पुरैनिया हरसरी गांव में विधायक व कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह सह किसान चौपाल में मंचस्‍थ अतिथि

 पश्चिम चंपारण, जागरण संवाददाता। उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं की ही बदौलत भाजपा इस स्थिति में पहुंची है। साथ ही उन्होंने कहा कि ताजा कृषि कानून किसानों के हित में हैं। कृषि कानून की खूबियां कार्यकर्ता आमलोगों को समझाएं। किसानों में एमएसपी खत्म करने, कारपोरेट जगत द्वारा जमीन हड़पने जैसे भ्रम फैलाए जा रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि केवल फसल का कॉन्ट्रैक्ट होगा। किसान अपनी मर्जी से जिसे चाहें जहां चाहें फसल बेचेंगे। एमएसपी खत्म नहीं हो रहा। वे रविवार को राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे द्वारा पुरैनिया हरसरी गांव में विधायक व कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह सह किसान चौपाल में उपसिथत लोगों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ बताते हुए कहा कि आपके प्रयासों की बदौलत पश्चिम चंपारण जिले में एनडीए का बेहतर प्रदर्शन रहा है और फिर से बिहार में सरकार बनी है।

loksabha election banner

प्रधानमंत्री हर पल गरीबों, किसानों और पिछड़ों के लिए सोचते

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर पल गरीबों, किसानों और पिछड़ों के लिए सोचते हैं। ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध विपक्षी दल किसानों को भड़का रहे हैं। जबकि नया कृषि कानून पूर्णत: किसानों के हित में है। केंद्र सरकार के सहयोग से घर घर बिजली मिली। किसानों को सम्मान के तौर पर हर वर्ष छह हजार रुपये मिल रहे हैंं। गन्ना किसानों के लिए भी सरकार ने 35 हजार करोड रुपये देने का एलान किया गया है। ऐसे में आप कार्यकर्ता और किसान कृषि कानूनों की खूबियों को लोगों को समझाएं। विरोधी आज तक नरेंद्र मोदी का कुछ बिगाड़ नहीं पाए तो अब कृषि कानूनों के बहाने भ्रम फैलाकर बरगलाने का काम कर रहे हैं।

पार्टी कार्यकर्ता सम्मान के पात्र

राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे ने अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अबतक कार्यकर्ता नेताओं को सम्मानित करते रहे हैं। लेकिन मुझे महसूस हुआ कि उनके संघर्ष और मेहनत से पश्चिम चंपारण में भाजपा को जो कामयाबी मिली इसके लिए कार्यकर्ता सम्मान के पात्र हैं। विधायक और कार्यकर्ताओं के लिए यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में किसानों को सम्मान मिलना शुरू हुआ। वर्तमान नरेंद्र मोदी की सरकार न केवल 22 घंटा बिजली दे रही है, बल्कि खेतों में बिजली से पानी देने की भी व्यवस्था कर रही है। कृषि कानून लाकर किसानों को फायदा होने से कांग्रेसियों को दर्द हो रहा है। इसलिए वे कृषि कानूनों के विरुद्ध षड्यंत्र रच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चंपारण का विकास एनडीए से ही हो सकता है। कार्यकर्ता पार्टी के लिए समॢपत रहे हैं। यही वजह है कि पार्टी में पोस्टर चिपकाने वाला राष्ट्रीय अध्यक्ष और चाय बेचने वाला भी पीएम बनता है। कांग्रेस की तरह सोने की चम्मच में खाने वाला यहां नेता नहीं बनता।

किया गया सम्मानित 

अभिनंदन समारोह में उपस्थित बगहा विधायक राम सिंह, लौरिया विधायक विनय बिहारी, चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह, नौतन विधायक नारायण साह, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र मिश्र, वोचहां की पूर्व विधायक सह प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी देवी, जिलाध्यक्ष बेतिया दीपेंद्र सर्राफ और बगहा रविंद्र श्रीवास्तव समेत सभी मंचासीन अतिथियों को राज्यसभा सदस्य की ओर से सम्मानित किया गया। मंचासीन प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री और सभी विधायकों को पगड़ी व शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन अतिथियों ने अपने विचार भी व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज कुमार वर्मा ने की, जबकि संचालन अफरोज अख्तर ने किया।

वहीं अभिनंदन समारोह में पश्चिम चंपारण के कोने-कोने से बूथ स्तर से लेकर मंडल तक के भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी को समारोह स्थल पर प्रवेश करते समय राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे ने गमछा और मास्क से सम्मानित किया। वहां प्रवेश करने वाले सभी लोगों को हैंड सैनिटाइज भी कराया गया। जिले में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन से उत्साहित भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद देवीलाल की ओर से गुब्बारे छोड़े गए।

मौके पर प्रदीप दुबे, गुड्डू चौबे, मनोज दुबे, अर्जुन सोनी, पवन वर्मा, राजन मिश्र, हरिशंकर प्रसाद, गोविंद कुमार, पिंटू गुप्ता, रविकांत पराशर, आकाश श्रीमुख, श्याम पंडित, अंजू चौबे, चंदू तिवारी, अब्दुल रहमान, अजीत लाला, सुजीत चौरसिया, मनोज सिंह समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रहे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.