पश्चिम चंपारण में गैस एजेंसी के वेंडर से हथियार के बल 39 हजार लूटे, ऐसे दिया घटना को अंजाम
विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों कर्मियों के साथ मारपीट भी की। एसडीपीओ सूर्यकांत चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जिला अंतर्गत भिखनाठोरी-नरकटियागंज मार्ग में गोखुला रेल ढाला के समीप बदमाशों ने तमंचा का भय दिखाकर गैस एजेंसी के वेंडर से 39 हजार रुपये लूट लिए। घटना गुरुवार शाम की है। नरकटियागंज इंडेन गैस एजेंसी का वेंडर रामाकांत अपने एक सहयोगी के साथ गैस की होम डिलीवरी कर लौट रहा था। पिकअप वैन को बदमाशों ने रोकवाया और गैस वितरण की राशि लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों कर्मियों के साथ मारपीट भी की। एसडीपीओ सूर्यकांत चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पूर्वी चंपारण के सुगौली में लूटपाट
पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी श्रीपुर पंचायत के धर्मपुर गांव में गुरुवार की रात बदमाशों ने राजू सहनी के घर में घुसकर जमकर तोडफ़ोड़ व लूटपाट की। राजू सहनी और उनके स्वजनों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक महिला समेत चार लोग शामिल हैं।
लूटपाट शुरू कर दी
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई। बताया जाता है कि आधी रात को विभिन्न हथियारों से लैस दर्जनभर राजू सहनी के घर पहुंचे और तोडफ़ोड़ के साथ लूटपाट शुरू कर दी। जब घर के लोगों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें मारना पीटना शुरू कर दिया। सुबह में घायल लोगों को सदर अस्पताल लाया गया। लूट कितने की हुई यह ज्ञात नहीं हो सका है। घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने का इंतजार हो रहा है।