सीतामढ़ी में अपराधियों ने सरेशाम मारी गोली, बाइक सवार एक अपराधी गिरफ्तार
एक अन्य बदमाश भागने में कामयाब आक्रोशित लोगों ने बदमाश की बाइक आग के हवाले किया।बेलसंड-परसौनी पथ में सरखौली पेट्रोल पंप के समीप हुई घटना।
सीतामढ़ी, जेएनएन। जिले के परसौली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। बेलसंड-परसौनी पथ में सरखौली पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार भी कर लिया है। उस बदमाश को अपाचे बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। एक अन्य भागने में सफल रहा। आक्रोशित लोगों ने बदमाश की अपाचे बाइक को आग के हवाले कर दिया। प्रारंभिक में घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
विवाद में ही संभव है बदमाशों को सुपारी देकर बुलाया गया था। फिलहाल, पुलिस इस घटना के संदर्भ में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। उधर, सरेशाम इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली से जख्मी व्यक्ति को तुरंत सीतामढ़ी शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि सरखौली गांव निवासी रामजतन सिंह (55) को एक गोली कमर के पास लगी है। जख्मी व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से सबसे पहले परसौनी पीएचएसी में ले जाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखकर सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर कर दिया। स्वजन हालांकि, जख्मी को शहर के रिंगबांध स्थित नंदीपथ मेमोरियल हॉस्पिटल लेकर दौड़े।
रामजतन सिंह का इलाज कर रहे डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि मरीज को एक गोली कमर के पास लगी है, अंदर फंसी हुई है। गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया। हालत खतरे से बाहर है। उधर, सरेशाम गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गए। एसपी अनिल कुमार के निर्देश पर टाउन सर्किल इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव, नगर थाना प्रभारी विकास कुमार राय तुरंत नर्सिंग होम पहुंचे। उधर, परसौनी थाना पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। थानाध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने कहा कि अपराधियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे यह घटना हुई। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस व्यक्ति से उनकी क्या अदावत हो सकती है, इसका पता किया जा रहा है।