पूर्वी चंपारण में मछली व्यवसायी की पीटकर हत्या, यह थी घटना की वजह
मधुबन थाना क्षेत्र के धोबौलिया गांव में हुई घटना चार गिरफ्तार। एक घर में ले जाकर लाठी -डंडे से पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। मधुबन थाना क्षेत्र के धोबौलिया गांव में मछली व्यवसायी की पीटकर हत्या कर दी गई। वह गांव के वंशलाल सहनी का पुत्र शैलेंद्र सहनी ( 38 )था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की बाबत मछली व्यवसायी के पिता ने थाने में आवेदन दिया है। इसमें गांव के मंगल सहनी,भुटा सहनी, जीतेंद्र सहनी,मंगल सहनी की पत्नी रेशमी देवी और उसकी पुत्री श्रीपति कुमारी को आरोपित किया है।बताया कि पुत्र शैलेंद्र के साथ मछली मारने गया था। वहां से मछली लेकर बेटे को घर भेज दिया।
छेडख़ानी की वजह से घटना होने की आशंका
शनिवार रात एक बजे बेटे को घर से करीब छह सौ मीटर दूर आरोपितों ने पकड़ लिया। इसके बाद एक घर में ले जाकर लाठी -डंडे से पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। तड़के तीन बजे मछली मारने जा रहे लोगों ने शैलेंद्र के चिल्लाने की आवाज सुनी तो स्वजनों को सूचना दी। कुछ देर के बाद उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि घटना छेडख़ानी को लेकर लग रही है। चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।