पूर्वी चंपारण में 50 हजार का इनामी बदमाश अवधेश साह गिरफ्तार, कई संगीन मामलों में था फरार
पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में 50 हजार के इनामी शातिर बदमाश अवधेश साह की गिरफ्तार हुई। एक पिस्टल छह कारतूस बरामद।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के शातिर बदमाश व 50 हजार रुपये का इनामी अवधेश साह उर्फ अवधेश गुप्ता को बुधवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल व छह कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक नवीनचन्द्र झा ने बताया है कि गिरफ्तार बदमाश घोड़ासहन थाना क्षेत्र के कदमा गांव का रहने वाला है। उसपर सात संगीन मामले दर्ज हैं, जिसमें वह फरार चल रहा था। हत्या के बाद वह दूसरे प्रदेश के अलावा नेपाल में शरण लिया करता था। इस दौरान जैसे ही वह घर पर आया पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अवधेश ने 28 सितम्बर 2017 को अपने हीं ग्रामीण सुरेन्द्र राय की हत्या कर दी थी । उसके दो साल बाद उसने अक्टूबर 2019 में घोडासहन के प्रखंड कार्यालय के पास दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम दिया। इसके अतिरिक्त उसपर रंगदारी, हत्या व आम्र्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए दो माह पूर्व ही टीम बनाई गई थी। इनामी बदमाश अवधेश ने शातिर सुमन सौरभ व राजतिलक के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया।
यहां बता दें कि सुमन सौरभ ने ही बेतिया न्यायालय परिसर में शातिर बब्लू दूबे की हत्या भी की थी। अवधेश ने नेपाल के भी कई व्यवसायियों से रंगदारी की मांग की थी। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। छापेमारी टीम में घोड़ासहन थानाघ्यक्ष अखिलेश मिश्रा, जिला अनुसंधान यूनिट के मनीष कुमार, मनोज कुमार सिंह व मुन्ना कुमार शामिल थे।