बिहार के दरभंगा से बड़ी खबर : स्कूल की कक्षा में दौड़ा करंट, छात्रा की मौत; शिक्षक समेत डेढ़ दर्जन जख्मी
बिहार के दरंभगा में एक स्कूल की कक्षा में बिजली का करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में करीब डेढ़ दर्जन बच्चे व शिक्षक आ गए। घटना में एक छात्रा की मौत हो गई है। जबकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरभंगा, जासं। दरभंगा के जाले राजकीय मध्य विद्यालय के वर्ग कक्ष में शुक्रवार को बिजली का करंट प्रवाहित होने के कारण पहली कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई। वहीं दो शिक्षक और 16 विद्यार्थी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। इस बीच घटना को लेकर स्थानीय लोगों का अक्रोश फूट पड़ा है। मौके पर अंचल अधिकारी अनिल कुमार मिश्र व थानाध्यक्ष यशोदानंद पांडेय कैंप कर रहे हैं।
करंट की चपेट में आए कई बच्चे व शिक्षक
बताया गया है कि शुक्रवार की सुबह स्कूल खुलने के साथ बच्चे पहुंचे। इस बीच जैसे ही पहली कक्षा की छात्रा व स्थानीय ग्रामीण भरत झा की पुत्री चंचल कुमारी कक्षा में दाखिल हुई, वह छटपटाने लगी। बच्ची को छपटाता देख शिक्षिका आशा कुमारी और सुनीता कुमारी दौड़ीं। दोनों शिक्षिकाओं को भी करंट लग गया। देखते-देखते बड़ी संख्या में बच्चे विद्युत करंट की चपेट में आ गए।
छात्रा की मौत पर भड़का जनाक्रोश
जंगल के आग की तरह यह बात पूरे गांव में फैल गई। जो जहां था, वहीं से दौड़ा और बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चंचल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद लोग नाराज हो गए और विद्यालय को घेर लिया। जमकर नारेबाजी करने लगे। लोगों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक मनमानी करते हैं। स्कूल की व्यवस्था से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। वर्ग संचालन जैसे-तैसे होता है। इस कारण से वर्ग कक्ष में बच्चों को ले जाने से पहले बिजली कनेक्शन या नंगे तार को किसी ने चेक नहीं किया और बड़ी घटना हो गई। लोगों ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोग मुआवजे और दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। नाराज लोगों ने अस्पताल में इलाज के लिए भी जमकर हंगामा किया।
विद्यालय के शिक्षक तत्काल प्रभाव से निलंबित
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने विद्यालय के सात प्रखंड शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। स्थाई शिक्षक सह प्रधानाध्यापक हरेकृष्ण सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को अनुशंसा भेजी गई है। घटना के बाद से प्रधानाध्यापक मौके से फरार है।