West Champaran: बगहा में लगातार 15 घंटे तक गुल रही बिजली, अनियमित आपूर्ति लोगों में नाराजगी
विद्युत आपूर्ति ठप होने से मोबाइल इन्वर्टर सभी जवाब दे दिए। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। दूसरी ओर विभाग सालों से बरसात में ग्रिड में जलजमाव का रोना रोता है।अनियमित आपूर्ति से लोगों में बढ़ता जा रहा आक्रोश पावर ग्रिड में पानी घुसने से आ रही समस्या
पश्चिम चंपारण, जासं। एक सप्ताह से लगातार बिजली की आंख मिचौनी से हाकाकार मचा है। मंगलवार शाम से गुरुवार तक बिजली कब आई और कब गई किसी को पता ही नहीं चला है। बुधवार को भोर में करीब तीन बजे कटी बिजली 15 घंटे बाद आई। इस दौरान मोबाइल, इन्वर्टर सभी जवाब दे दिए। रात में लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। दूसरी ओर विभाग सालों से बरसात में ग्रिड में जलजमाव का रोना रोता है। आए दिन बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा विभाग के प्रति कभी भी फूट सकता है।
लोगों ने कहा
निर्बाध आपूर्ति नहीं होने से गर्मी, उमस में नगर के सभी उपभोक्ता परेशान हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस पर ध्यान देना चाहिए। सरकार की घोषणा निर्बाध बिजली आपूर्ति करने की जिम्मेवारी भी विभाग और जनप्रतिनिधियों की ही बनती है। आम जनता को निर्बाध बिजली मुहैया करानी होगी। -फिरोज आलम, सभापति प्रतिनिधि, नप
--विभाग नियमित आपूर्ति का दावा करता है। चौतरवा में ग्रिड नीचे कर दिया गया। हर साल वहां पानी घुसता है। यह जांच का विषय है। इसमें घोटाला किया गया है। पोल पानी में बह जा रहा है। काम की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। राज्य के 38 जिलों में सबसे बुरा हाल बगहा का ही है। अनियमितता और घोटाला की जांच कराकर संबंधित अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए। - जयेश सिंंह, पूर्व प्रत्याशी कांग्रेस, बगहा विधान सभा
--बिजली के बिना लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। दूसरी ओर विभाग केवल लगातार काम करने का स्वांग कर रहा है। राजस्व वसूली के नाम पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। डेढ़ माह से लोग अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान हैं। इसे दूर करने का कोई स्थाई निदान नहीं किया जा रहा है। विभाग के द्वारा कोई प्लान बारिश को लेकर नहीं है। नगर में मिट्टी तेल की आपूर्ति बंद है। नगर के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।- मुन्ना सिंह, जदयू नेता
-- अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण दूध खराब हो रहा है। हजारों का नुकसान हो रहा है। बिजली बिल में थोड़ा विलंब होने पर कनेक्शन काट दिया जाता। हमारा नुकसान कौन भरेगा। सरकार की निर्बाध बिजली आपूर्ति को विभाग के लोग ही साकार नहीं होने दे रहे हैं। -मुर्तजा अंसारी, अध्यक्ष , सुधा दूध विक्रेता संघ बगहा
-- लगातार बारिश और बाढ़ के कारण ग्रिड में जलजमाव हो गया है। हरिनगर चौतरवा लाइन का पोल मसान नदी में बह गया है। बगहा ग्रिड से ही चौतरवा, कुंभिया ग्रिड को आपूर्ति दी जा रही है। बुधवार को बगहा ग्रिड में नगर और ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति अलग करने के दौरान त्रुटि आ गई है। उसे ठीक किया जा रहा है। चौतरवा ग्रिड की आपूर्ति को ठीक करने के लिए मसान नदी में काम किया जा रहा है। शीघ्र ही आपूर्ति नियमित हो जाएगी। - प्रेम राज, कार्यपालक अभियंता, बगहा