पति ने की बेवफाई तो पत्नी ने उसे मजा चखाया, जानें उसके साथ क्या सलूक किया Muzaffarpur News
शाम को जैसे ही उसका पति घर पहुंचा उसने चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और कथित चोर पर टूट पड़े।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। दांपत्य जीवन विश्वास की डोर से बंधा होता है। जिस दिन यह टूट जाए या किसी वजह से कमजोर पड़ जाए तो जिंदगी 'तमाशा' बन कर रह जाती है। नगर थाना क्षेत्र के सूतापट्टी इलाके में भी कुछ ऐसा ही वाकया देखने को मिला।
एक महिला का पति बेवफा निकला। उसने अपनी पत्नी के भरोसे को तोड़ा। उसकी भाभी को ही भगा ले गया। इतना ही नहीं, वह महिला की भाभी के साथ अपनी तस्वीर भेज-भेजकर मानसिक रूप से परेशान करता था। पति की बेवफाई से परेशान महिला ने उसे सबक सिखाने की सोची।
सोमवार की शाम जैसे ही उसका पति घर पहुंचा, उसने चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और कथित चोर पर टूट पड़े। जब तक वह लोगों को वस्तुस्थिति के बारे में कुछ बता पाता, लोगों ने अच्छी तरह से उस पर हाथ साफ कर लिया। दर्द के मारे उसका बुरा हाल हो गया।
जब उसने और उसकी पत्नी ने लोगों को पूरी बात बताई तो लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को उसके हवाले कर दिया। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। कुछ देर के बाद महिला भी थाने पहुंच गई।
पूछताछ में पीडि़ता ने बताया कि उसका पति उसकी भाभी को ही भगा ले गया है। उसे दूसरे मकान में रखे हुए है। परेशान करने के लिए भाभी के साथ वाली अपनी तस्वीर भेजते रहता है। हालांकि उस व्यक्ति ने पत्नी के सभी आरोपों को गलत बताया। उसने किसी भी तरह की प्रताड़ना की बात से इंकार किया। उल्टे पत्नी पर ही आरोप लगाया कि उसने उसे लोगों से पिटवा दिया। इस आरोप-प्रत्यारोप के दौरान थाने पर दोनों के बीच नोकझोंक भी हुई। बीच बचाव के बाद दोनों शांत हुए। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है।