West Champaran News : शादी के 12 साल बाद पति ने कर ली दूसरी शादी, पहली पत्नी को घर से निकाल दिया
बगहा के मलपुरवा में शादी के 12 साल बाद एक पति ने दहेज की मांग करते पत्नी को प्रताडि़त किया। उसे घर से निकाल दिया और दूसरी शादी कर ली। इस संबंध में विवाहिता ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पति सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद किया है।
पश्चिम चंपारण (बगहा), जागरण संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के मलपुरवा में एक विवाहिता को दहेज में एक लाख रुपये नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। वहीं पति ने दूसरी शादी कर ली है।
पीडि़ता ने पति सहित आधा दर्जन लोगों को किया नामजद :
इस संबंध में उक्त विवाहिता निर्मला देवी ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पति सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद किया है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि निर्मला की शादी 12 साल पहले मलपुरवा निवासी मनोज कुशवाहा के साथा हुई थी। उसे तीन संतान हैं। इधर उससे दहेज में एक लाख रुपये मायके से लाकर देने के लिए प्रताडि़त किया जाने लगा। जिसके बाद महिला के मायके वालों की ओर से पंचायती हुई फिर उसे कुछ दिनों तक ठीक से रखने के बाद उसके साथ पुन: मारपीट की जाने लगी। दहेज की राशि नहीं लाने के बाद उसे घर से निकाल दिया गया और उसके पति ने दूसरी लड़की से शाद कर ली। मामले में महिला थाने के थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला के साथ छेडख़ानी :
नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ला में एक महिला के साथ मारपीट तथा छेडख़ानी की गई। घटना के वक्त पीडि़ता के पति घर से बाहर थे और उक्त महिला अपने बच्चों के साथ रात में घर में सो रही थी। इस संबंध में महिला थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि काली स्थान निवासी गोपाल बैरसिया, लखन कुमार तथा नारायण कुमार उक्त महिला के घर पहुंचे और आवाज लगाने लगे। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके साथ छेडख़ानी करने लगे। महिला के द्वारा हल्ला करने के बाद उक्त लोग घर में रखे बक्से से गहना व गैस सिलेंडर आदि लेकर भाग निकले। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।