मधुबनी में पेड़ पर दिखा विशाल अजगर, लोगों में कौतूहल Madhubani News
अंधरामठ थाना अंतर्गत कोसी के गर्भ में बसी नरेंद्रपुर पंचायत के मैनही गांव में एक पेड़ पर विशाल अजगर देखा गया।
मधुबनी, जेएनएन। लौकही प्रखंड के अंधरामठ थाना अंतर्गत कोसी के गर्भ में बसी नरेंद्रपुर पंचायत के मैनही गांव में एक पेड़ पर विशाल अजगर देखा गया। लोगों के बीच यह कौतूहल का विषय बना रहा। विश्वंभर प्रसाद ने बताया कि गांव की जानकी देवी मवेशी के लिए घास काटने गई थी। अचानक उनकी नजर अजगर पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाया तो अगल-बगल के लोग भी वहां पहुंचे। यह इस क्षेत्र की पहली घटना है।
पहाड़ी नदी कोसी, त्रियुगा एवं घोरहदह से प्रभावित इस गांव में प्रथम बार अजगर को देखा गया है। ग्रामीणों का मानना है कि इस वर्ष इस क्षेत्र मे आई बाढ़ में पहाड़ के जंगल से यह अजगर यहां आ गया होगा। उसको देखने के लिए पहुंचे लोगों में कौतूहल था। वहीं गांव की महिलाओं को बच्चों की चिंता सता रही थी। रात भर महिलाएं भयभीत रहीं। बुधवार जब लोग उसे देखने पहुंचे तो अजगर वहां से निकल गया था। लोगों का अनुमान है कि अजगर बहुत दूर नहीं गया होगा। वन विभाग को इसकी तलाश करनी चाहिए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना को भी दी है।