वीटीआर में उमड़ी पर्यटकों की भारी भीड़, लोगों ने की मस्ती
बगहा। छठ पर्व के समापन के साथ ही वीटीआर सैलानियों से गुलजार हो गया।
बगहा। छठ पर्व के समापन के साथ ही वीटीआर सैलानियों से गुलजार हो गया। वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज पर सैलानियों की खासी भीड़ जुटी। दोपहर से देर शाम तक पिकनिक स्थलों पर अपने परिवार तथा मित्र मंडली के साथ लोगों ने जमकर मौज मस्ती की। गुरुवार को मौसम में ठंडक घुली थी। इसलिए इस दिन को यादगार बनाने के लिए लोगों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। लोगों ने पहले से ही पिकनिक की प्लानिग कर ली थी। दोपहर दो बजे से लोगों ने पिकनिक स्थलों पर पहुंचना शुरू कर दिया। शाम ढलने के साथ ही सैलानियों की भीड़ बढ़ती गई। सैलानियों की सर्वाधिक भीड़ जंगल कैंप के पास दिखी। कल कल बहती गंडक नदी के तट पर जगह जगह पिकनिक मनाने लोगों के समूह नजर आए। कोई घर से ही खाना तैयार करके ले गए थे तो कई लोगों ने नदी के किनारे मिल कर खाना बनाया और साथ में बैठकर खाया। जहां तक नजरें जाती थी जगह जगह समूहों में लोग मौज मस्ती करते दिखाई दिए। पर्यटकों की भारी भीड़ से वीटीआर प्रशासन उत्साहित है। पर्यटकों को घुमाने के लिए मंगलवार को वीटीआर प्रशासन की गाडियां भी कम पड़ गईं। सुबह से भीड़ बढ़ने के कारण पर्यटकों को वीटीआर प्रशासन द्वारा अधिकृत गाडियां नहीं मिलीं। तमाम पर्यटकों को मायूस होना पड़ा। वहीं अधिकारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनो में इससे ज्यादा भीड़ होगी क्योंकि ठंड बढ़ने पर ज्यादा से ज्यादा बाघ कोर जोन से बाहर निकलते हैं। वीटीआर में बाघों के लगातार दीदार होने से इस साल पार्क में आने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हो रही है। वीटीआर पर्यटको के आमद के साथ ही कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। एक अरसे बाद आज वाल्मीकिनगर के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल दिखी। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार सर्दियों के दौरान पिछले पर्यटन सत्र से ज्यादा पर्यटक आने की उम्मीद है।