बाढ़ को लेकर मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट, अधिकारियों की छुट्टी रद Muzaffarpur News
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ की आपात बैठक। अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को दिया टास्क।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बाढ़ की आशंका को लेकर जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने जिले में हाई अलर्ट रखा है। इस सिलसिले में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए डीएम ने गुरुवार को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ आपात बैठक की।
बाढ़ की आशंका को ले पूरी करें तैयारी
डीएम ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। इससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी तमाम तरह की आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी कर लें।
अधिकारियों की छुïट्टियां रद
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डीएम ने सभी पदाधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद कर दी हैं। सभी को सतर्क रहने को कहा है। सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को हिदायत दी है कि आपात स्थिति में अपने कर्तव्यों के प्रति संजीदा रहें। किसी भी स्तर पर कोताही होती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
मुख्यालय में ही रहेंगे प्रखंड स्तरीय अधिकारी
डीएम ने सभी बीडीओ व सीओ के अलावा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को मुख्यालय में ही रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं सिविल सर्जन को कहा कि सभी आवश्यक दवाइयां प्रत्येक पीएचसी में उपलब्ध हों, इसे सुनिश्चित किया जाए।
रेन-कट को तत्काल करें ठीक
बाढ़ नियंत्रण विभाग को निर्देश दिया गया कि बांधों का स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन दें। साथ ही यदि रेन-कट है तो इसे शीघ्र दुरुस्त करें।
हर स्तर की तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान डीएम ने सभी तैयारियों की समीक्षा की। ऊंचे शरण स्थलों को चिह्नित करने, पॉलीथिन, नाव, खाद्यान्न के साथ-साथ मानव और पशु दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की।
रहें तैयार, आवश्यकता पडऩे पर करें राहत कार्यों का सफल संचालन
डीएम ने सभी विभागों को अभी से तैयार रहने को कहा। कहा कि यदि ऐसी स्थिति बनती है तो राहत कार्यों का सफल संचालन तत्काल किया जाए। बैठक में एडीएम आपदा अतुल कुमार वर्मा के साथ सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी बीडीओ और सीओ मौजूद थे।