अतिक्रमणकारियों ने की पत्थरबाजी, पुलिस ने दौड़-दौड़ा कर पीटा
मुजफ्फरपुर के नगर थाना के पुरानी गुदरी रोड में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम व पुलिस पर अतिक्रमणकारियों ने हमला बोल दिया। अतिक्रमणकारियों की ओर से नगर निगम के कर्मचारियों व पुलिस टीम पर जमकर पत्थरबाजी की गई।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। अतिक्रमण हटाने के दौरान गुरुवार को पुरानी गुदरी रोड में जमकर बवाल हुआ। अतिकमणकारियों ने संगठित होकर अभियान दल पर हमला बोल दिया। जमकर पत्थरबाजी की। इससे वहां भगदड़ मच गई। अभियान दल में शामिल नगर निगम के कई कर्मचारी एवं राहगीर नाले में गिर पड़े। आधा दर्जन लोग चोटिल भी हुए। एकाएक हुए हमले से बचने के लिए अभियान दल में शामिल निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस के जवानों को थोड़ी देर के लिए पीछे हटना पड़ा। उसके बाद नगर थाना पुलिस एवं क्यूआरटी के जवानों ने पत्थरबाजी कर रहे अतिक्रमणकारियों पर लाठी चटकाए। उनको दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। विरोध के बाद भी सड़क को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान गुदरी रोड स्थित ताड़ी की दर्जनों दुकानें पूरी तरह से उजाड़ दी गईं। नाला के ऊपर किए गए स्थायी निर्माण पूरी तरह से ध्वस्त कर दिए गए। अभियान का नेतृत्व कर रहे सिटी मैनेजर ओम प्रकाश ने कहा कि हंगामा करने वाले चिह्नित किए जा रहे हैं। पहचान के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार चल रहा है। गुरुवार को अभियान दल नगर थाना पुलिस एवं क्यूआरटी के साथ पुरानी गुदरी पहुंचा।
गुदरी रोड में सड़क पर दोनों तरफ दो दर्जन से अधिक ताड़ी की दुकानें चल रही थी। जैसे ही अभियान दल ने अतिक्रमण हटाना शुरू किया, अतिक्रमणकारियों ने निगम अधिकारियों के साथ नोक-झोंक शुरू कर दी जो बाद में टकराव में बदल गया। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय का कहना है कि नगर निगम अतिक्रमण के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करेगा। किसी भी कीमत पर अपने कदम पीछे नहीं हटाएगा। अभियान का विरोध करने वालों को बख्सा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- अतिक्रमण हटाने के दौरान पुरानी गुदरी रोड बना रणक्षेत्र, जमकर हुआ बवाल
- रोड़ेबाजी व लाठीचार्ज से मची भगदड़, नाला में गिरे कई निगमकर्मी व राहगीर
- अभियान के दौरान उजाड़ी गई ताड़ी की दर्जनों दुकानें, पक्का निर्माण ध्वस्त
- हंगामा करने वालों को किया जा रहा चिह्नित, होगी कानूनी कार्रवाई