बदमाशों ने लोको पायलट का छीना मोबाइल, प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार करने पर थाने पर हंगामा
दूसरा मोबाइल छीनने में असफल बदमाशों ने लोको पायलट की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। पीडि़त रेल कर्मी दिनेश राम है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। स्थानीय रेलवे स्टेशन के यार्ड में ड्यूटी के लिए जा रहे एक लोको पायलट का मोबाइल बदमाशों ने छीन लिया। इस घटना को गुरुवार सुबह करीब चार बजकर पंद्रह मिनट पर अंजाम दिया गया। चार की संख्या में बदमाशों ने लोको पायलट का सरकारी मोबाइल छीन लिया जबकि उसका निजी मोबाइल छीनने में सफल नहीं हो सके। दूसरा मोबाइल छीनने में असफल बदमाशों ने लोको पायलट की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। पीडि़त रेल कर्मी दिनेश राम है।
इसके बाद उसने घटना की सूचना अन्य रेलकर्मियों को दी जहां ऑल इंडिया रनिंग रूम स्टॉफ एसोसिएशन के बैनर तले लोको पायलट रेल थाने पर पहुंचे और मामले की प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया लेकिन थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह ने प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार कर दिया। इसके बाद कर्मियों ने रेल थाने पर जमकर हंगामा किया। इस क्रम में रेल थानाध्यक्ष व कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
प्राथमिकी दर्ज नहीं करने से आक्रोशित कर्मी आरपीएफ पोस्ट पर धरना पर बैठ गए। हंगामा करने की सूचना रेल एसपी अशोक कुमार सिंह को मिली जहां वे उक्त स्थल पहुंचे और आक्रोशितों के साथ बातचीत की। इसके बाद उन्होंने रेल थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया तब जाकर मामला शांत हुआ। हंगामा के कारण प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। बदमाशों की पिटाई से जख्मी कर्मी का इलाज रेल अस्पताल में कराया गया।