एसएसबी जवानों का बगहा में भव्य स्वागत, लगे मां भारती के जयकारे
बगहा। अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत आयोजित एसएसबी की साइकिल रैली मंगलवार को बगहा पहुंची।
बगहा। अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत आयोजित एसएसबी की साइकिल रैली मंगलवार को बगहा पहुंची। जहां एसएसबी 21 व 65 वी बटालियन के साथ-साथ विभिन्न स्कूल के छात्र-छत्राओं ने जवानों का भव्य स्वागत किया। साइकिल रैली के एसएसबी कैंप में पहुंचने के बाद रैली में शामिल जवानों को तिलक लगाया गया और फिर माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद जवान 21 वीं बटालियन के कैंप कार्यालय पहुंचे। जहां स्कूली छात्राओं ने उनका स्वागत किया। इस क्रम में भारत मां के जयकारे से वातावरण गूंज उठा। इसके उपरांत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें एसएसबी जवानों सहित थारू समुदाय के कलाकारों ने मन मोह लिया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीजे प्रथम अविनाश पांडेय सहित अन्य एसएसबी के अधिकारियों ने रैली में शामिल एसएसबी के अधिकारियों सहित जवानों का हौसला बढ़ाया। यहां बता दे कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। देश के विभिन्न राज्यों से चलकर बिहार के किशनगंज व अन्य जिलों से चलकर बगहा पहुंची है। जो बुधवार को यूपी के महाराजगंज के लिए रवाना होगी। रैली का समापन दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर दिल्ली में होगा। एसएसबी 21 वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट प्रकाश ने बताया कि इस साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों में देश भक्ति की भावना को जागृत करना है। स्वागत कार्यक्रम में एसएसबी 65 वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट पंकज डंगवाल सहित अन्य अधिकारी व जवान शामिल हुए। दिल्ली के लिए साइकिल से रवाना हुए जवान चौतरवा। भारत सरकार के गृह विभाग के निर्देश के आलोक में देश के विभिन्न भागों से सुरक्षा बल की अलग अलग टुकड़ियों की टीम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन के अवसर पर दो अक्टूबर को दिल्ली के राजघाट पर पहुंचेगी। मंगलवार को एन एच 727 मुख्य मार्ग में इंगलिशिया, परसौनी व चौतरवा में ग्रामीणों ने भारत माता की जय के जयघोष के बीच जवानों का उत्साह बढ़ाया। वहीं सुरक्षा बल के जवान हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।