अच्छी पहल : बेतिया में पेड़ों को लगा आक्सीजन की कमी दूर करने की कवायद
Bihar News विश्व पृथ्वी दिवस पर पौधरोपण के साथ जिले में 11 लाख 91 हजार 932 पौधे लगाने का महा अभियान चल पड़ा है। इसके लिए वन विभाग ने सभी वर्ग को आने का आह्वान किया है।
पश्चिम चंपारण, जासं। आज के परिवेश में एक ओर जहां पर्यावरण संरक्षण एक ग्लेाबर समस्या है, तो हाल के दिनों में कोरोना महामारी में इनसानों के इलाज में आक्सीजन की कमी सबको सोंचने के लिए मजबूर कर दिया है। आज हर व्यक्ति को यह एहसास हो गया है कि पेडो की सुरक्षा का मतलब हमारे भविष्य की सुरक्षा। इसे गति देने के लिए सूबे में हरित के अन्तर्गत मिशन 5 करोड़ पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई है। विश्व पृथ्वी दिवस पर पौधरोपण के साथ जिले में 11 लाख 91 हजार 932 पौधे लगाने का महा अभियान चल पड़ा है। इसके लिए वन विभाग ने सभी वर्ग को आने का आह्वान किया है। इसका समापन 9 अगस्त यानी बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर किया जाना है। इसमेंं किसानों, विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकार संस्थानों सहित मनरेगा के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
किसानों को पौधरोपण के बाद प्रोत्साहन
वैसे तो वन विभाग सभी सरकारी एवं गैर सरकारी एजेंसियों को मुफ्त में पोधे उपलब्ध कराएगा। लेकिन किसानों को 10 रुपये के भुगतान पर पौधे दिए जाएंगे। यह राशि सुरक्षित राशि के रूप में ली जाएगी। पौधरोपण के तीन वर्ष बाद उनके 50 फीसद पौधे जीवित रहने की स्थिति में प्रति पौधा 60 रुपये दे दिया जाएगा। साथ ही उनके 10 रुपये भी वापस कर दिए जाएंगे। किसानों को 70 हजार पौधे दिए जाएंगे। जबकि जीविका दीदियों को 6 लाख 15 हजार 932, एसएसबी को 38 हजार, चीनी मिलों, विभिन्न एनजीओ को 1 लाख 30 हजार, जंगल के पास के किसानों को 8 हजार पौधे दिए जाएंगे। इसके अलावा बरसात में चलंत वाहन के द्वारा 8 हजार, मनरेगा को 3 लाख, जंगल क्षेत्र में 30 हजार पौधे लगाएं जाएंगे। वन विभाग ने उदयपुर, मदनपुर, हरनाटांड़ और मंगुराहां के प्रेमनगर की नर्सरी से पौधे प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। सभी पौधे 30 जून तक नर्सरी से लिए जा सकते हैं।
बरगद से लेकर कटहल, सागवान आदि के दिए जाएंगे पौधे
वन विभाग ने अपनी नर्सरियों में बरगद, सागवान, शीशम, कटहल, सहजन, सरिफा, अमरूद, सेमल, बांस, सरिफा, ईमली, कुसुम, मौलेसरी, मलेरिया साल, महोगनी, जामुन, अर्जुन, गम्हार, आंवला, पीपल, गोल्ड मोहर, बिजू आम, कदम, खैरा के पौधे लगा रखा है, जहां से यह उपलब्ध हो जाएगा।
- जिले में मिशन 5 करोड़ के तहत पौधरोपण किया जा रहा है। पौधे वन विभाग की नर्सरी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। -एचके राय वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक वीटीआर