मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में सड़क हादसे में बच्ची की मौत, फोरलेन जाम
बलिया-फतेहपुर के समीप एक नए भवन में गृह प्रवेश हुआ था। उसी का भोज चल रहा था। कहा जा रहा कि इसी में भोज खाकर बच्ची फोरलेन पार कर रही थी। इसी क्रम में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई।
कुढऩी (मुजफ्फरपुर), संस : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर फोरलेन पर कुढऩी थाना क्षेत्र के बलिया के समीप गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 10 साल की बच्ची की मौत हो गई। उसकी पहचान फतेहपुर के अर्जुन मांझी की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने फोरलेन को जाम कर दिया। उग्र लोग प्रशासन विरोधी नारेबाजी करते हुए मआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची कुढऩी थाने की पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की। मगर, लोग वरीय पुलिस अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। अनियंत्रित स्थिति की सूचना पर आसपास के अन्य थाने की पुलिस भी वहां पहुंची। मगर, जाम नहीं समाप्त हुआ। इस कारण देर रात तक फोरलेन जाम रहा।
बताया गया कि बलिया-फतेहपुर के समीप एक नए भवन में गृह प्रवेश हुआ था। उसी का भोज चल रहा था। कहा जा रहा कि इसी में भोज खाकर बच्ची फोरलेन पार कर रही थी। इसी क्रम में हाजीपुर की तरफ से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन के साथ भाग निकला। पुलिस का कहना है कि सरकारी नियम के अनुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद लोग शांत हुए। शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। स्वजन के बयान पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बस की चपेट में आने से महिला की मौत, पति गंभीर
मोतीपुर (मुजफ्फरपुर), संस : मोतीपुर थाना के रतनपुरा गांव के समीप बस की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती बुरी तरह घायल हो गए। घायल महिला की इलाज के दौरान शहर के निजी क्लीनिक में मौत हो गई। वहीं, पति अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहा है। घटना के बाद चालक बस सहित भाग निकलने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार साहेबगंज थाना के बहोरा छपरा निवासी भाग्य नारायण ठाकुर अपनी पत्नी मुनचुन देवी के साथ बाइक से घर से मुजफ्फरपुर लौट रहे थे। इस बीच एनएच -28 पर रतनपुरा के पास बस ने पीछे से बाइक में ठोकर मार दी जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान मुनचुन देवी की मौत हो गई। वहीं, भाग्यनारायण ठाकुर की चिकित्सा चल रही है। घटना में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। महिला की मौत की पुष्टि थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने की है। बताया कि ठोकर मारने वाले बस की पहचान की जा रही है।