मुजफ्फरपुर, जेएनएन। रौतनिया में ग्रामीणों द्वारा कूड़ा डंपिंग के विरोध के बाद नगर निगम ने इसका वैकल्पिक इंतजाम कर लिया है। निगम ने कूड़ा डंपिंग के लिए नारायणपुर का चयन किया है। शुक्रवार को इसकी शुरुआत भी हो गई। इससे कूड़ा की सड़ांध से परेशान शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है। शहर से कूड़े का उठाव शुरू हो गया है। हालांकि इसकी रफ्तार शुक्रवार को धीमी रही। कई जगहों से उठाव हुआ तो कई जगह कूड़े का ढेर लगा रहा। इससे पहले सिटी मैनेजर ने कूड़ा डंपिंग स्थल को लेकर निरीक्षण किया। यहां पूर्व में भी निगम द्वारा कूड़ा डंपिंग किया जाता रहा है।
निगम का दावा कूड़ा उठाव में लगाए गए 41 ट्रैक्टर
नगर निगम का दावा है कि शहर से तेजी से कूड़ा का उठाव हुआ है। निगम के करीब 41 ट्रैक्टर विभिन्न जगहों से कूड़े का उठाव कर रहे हैं। अधिकतर जगहों से शुक्रवार की शाम तक उठाव हो चुका है। निगम के अधिकारियों के अनुसार डंपिंग स्थल चयन होने के बाद सफाई व कूड़ा उठाव व्यवस्था नियमित हो गई है।
नहीं पहुंचीं कचरे की गाडिय़ां
करजा थाना क्षेत्र के रौतनिया में गुरुवार को कूड़ा डंपिंग के विरोध के बाद शुक्रवार को कचरा डंपिंग के लिए एक भी गाड़ी नहीं पहुंचीं। वहीं डंपिंग का विरोध कर रहे लोगों से बातचीत के लिए भी कोई अधिकारी नहीं पहुंचे। हालांकि इस बीच आसपास के ग्रामीण रौतनिया में कूड़ा डंपिंग नहीं करने देने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि किसी भी हालत में कूड़ा डंपिंग नहीं करने दिया जाएगा।
बताते चलें कि कचरे से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल जलने के बाद गुरुवार को ग्रामीणों ने कचरा डंपिंग करने पहुंचीं दर्जनों गाडिय़ों को रोककर हंगामा करते हुए कचरा डंपिंग नहीं करने दिया था। वहीं बातचीत करने पहुंचे निगम के अधिकारियों की भी बात नहीं मानी। उन्हें बैरंग लौटा दिया था।
मुजफ्फरपुर में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे