...यहां मंत्री की सदबुद्धि के लिए पूर्व विधायक ने किया हवन, कहा- शहर के हालात नारकीय Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर शहर की समस्याओं के लिए जिम्मेदार पद पर बैठे नेताओं पर उठाया सवाल। आर्य समाज मंदिर यज्ञशाला में समर्थकों के साथ चार घंटे किया हवन।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शहर के विकास के लिए जिम्मेदार पद पर बैठे नेताओं को भगवान सदबुद्धि दे। इसके लिए पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी ने समर्थकों के साथ गुरुवार को चार घंटे तक हवन किया। आर्य समाज मंदिर के यज्ञशाला में हवन के बाद पूर्व विधायक ने कहा कि शहर में नारकीय हालात हैं।
बोले- नगर निगम बना राजनीति का अड्डा
विजेंद्र चौधरी ने शहर के वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कहा कि शहर की हवा जहरीली हो गई है। लोग बीमार हो रहे हैं। शहर की सफाई नहीं होने से डेंगू लगातार पैर पसार रहा है। अपराध चरम पर हैं। लोग असुरक्षा के बीच रह रहे हैं। जवाहर लाल रोड गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। नगर निगम पूरी तरह से राजनीति का अड्डा बन गया है। लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।
जो लोग विकास के लिए कुर्सी पर बैठे हैं, चाहें मंत्री हो या विधायक, सबकी बुद्धि भटक गई है। भगवान उनको शक्ति दे, सदबुद्धि दे। इसके लिए उन्होंने हवन किया। पूर्व विधायक के साथ हवन पर बैठने वालों में पूर्व पार्षद राजेश दास, सुधीर कुमार ठाकुर, दीपू सहनी, शरीफुल हक, बबलू ठाकुर, देवन रजक, वसीउल हक रिजवी, रामबाबू पटेल, मो. मजीद, वसीउल हक रिजवी आदि थे।