Move to Jagran APP

उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर जारी, मधुबनी में धौंस नदी का सुरक्षा बांध टूटा

पश्चिम चंपारण के कई गांवों में घुसा पानी। पूर्वी चंपारण के सुगौली और बंजरिया में भी स्थिति यथावत। शिवहर में बागमती तटबंध में रिसाव कई गांवों में फैला पानी। मधुबनी व दरभंगा में डूबने से दो की मौत।

By Ajit KumarEdited By: Published: Sun, 29 Aug 2021 06:43 AM (IST)Updated: Sun, 29 Aug 2021 06:43 AM (IST)
उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर जारी, मधुबनी में धौंस नदी का सुरक्षा बांध टूटा
पश्चिम चंपारण में शाम तक गंडक बराज से 2.57 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। फोटो- जागरण

मुजफ्फरपुर, जाटी। उत्तर बिहार में लगातार बारिश से शनिवार को भी जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। बाढ़ का कहर जारी रहा। नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैैं। तटबंधों पर पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है। दरभंगा व मधुबनी में बाढ़ के पानी में डूबने से दो लोगों की मौत की खबर है। पश्चिम चंपारण में शाम तक गंडक बराज से 2.57 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पहाड़ी नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी रही। मुरली भरहवा गांव में स्वाधीनता सेनानी पं. राजकुमार शुक्ल के घर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। पंडई नदी का जलस्तर बढऩे से नदी किनारे बसे लोगों में दहशत हैै। सड़कें व पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैैं। कई गांवों में पानी घुस गया है। हरनाटांड़-बनकटवा मुख्य पथ क्षतिग्रस्त हो गया है।

loksabha election banner

सुगौली और बंजरिया में भी स्थिति यथावत

बगहा शहर के कैलाशनगर मोहल्ले के तीन दर्जन घरों से गंडक नदी का पानी उतरने लगा है। पूर्वी चंपारण के सुगौली और बंजरिया में भी स्थिति यथावत है। मधुबनी जिले के मधवापुर में धौंस नदी का सुरक्षा तटबंध टूट गया। इससे हजारों हेक्टेयर में पानी फैल गया है। कई गांव पानी से घिर गए हैैं। बेनीपट्टी के सिमरकोन और करहरा में धौंस नदी का कटाव जारी है। झंझारपुर में कमला बलान नदी का जलस्तर खतरे के निशान से तीन मीटर ऊपर है। पुराने रेल सह सड़क पुल के गार्डर को पानी छू रहा है। कमला -बलान के बाएं से लेकर दाएं तटबंध तक पानी फैला है। बलनी मेंहथ पंचायत के नवटोलिया का एनएच से संपर्क टूट गया है। एनएच के उत्तर नवटोलिया टोला के कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है। कुछ लोगों ने एनएच -57 पर शरण ली है। बेहट में कमला बलान नदी के बाएं तटबंध के 49.5 किमी पर पिपराघाट में दस दिन पूर्व आई दरार को पाटने का प्रयास जारी है। पिपराघाट में दिनभर बांध टूटने की अफवाह फैली रही। अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र में कमला नदी में डूबने से एक अधेड़ की मौत हो गई।

बारिश में दो दर्जन घर गिर पड़े

समस्तीपुर के मोरवा प्रखंड की छह से अधिक पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैैं। पांच सौ से अधिक घरों में पानी घुस गया है। बारिश में दो दर्जन घर गिर पड़े। शिवहर के बेलवा में सुरक्षा तटबंध में रिसाव से नए इलाकों में पानी फैल गया है। बागमती में उफान से कई गांवों में पानी घुसने लगा है। कोला पुल के पास एनएच -104 और बेलवा के पास एसएच-54 पर पांच फीट पानी बह रहा है। तटबंध का मरम्मत कार्य जारी था। दरभंगा जिले के बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में खतरा बढऩे लगा है। केवटी में बाढ़ में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मुजफ्फरपुर के आधा दर्जन शहरी इलाके भी बाढ़ की चपेट में हैैं।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.