उत्तर बिहार में बाढ़ और बारिश से पांच लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम
पूर्वी चम्पारण में बाढ़ के पानी में डूबने से फिर दो लोगों की मौत। सीतामढ़ी में मिट्टी की दीवार गिरने से दबकर बच्चे के मौत। वहीं समस्तीपुर में नाव हादसे में दो लोग डूबे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में हुए हादसों में आज अभी तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई अन्य जख्मी हैं। पूर्वी चंपारण में दो अलग-अलग जगहों पर मंगलवार की सुबह बाढ़ के पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पताही थाना क्षेत्र के परसौनी पंचायत अंतर्गत रामपुर मनोरथ गांव में जेसीबी से खुदाई की गई थी, जिसमें पानी भर गया था। उसमें डूबकर बीस वर्षीय युवक विकास गिरि की मौत हो गई। वहीं तुरकौलिया गांधीघाट के समीप मन में डूबने से स्कूल चौक निवासी टेलर मास्टर जयतुल्लाह मियां के पुत्र सेराज आलम (12) की मौत हो गई। वह अन्य बच्चों के साथ गांधीघाट पर स्नान करने गया था। आज सुबह लोगों ने उसका शव बरामद किया।
वहीं सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी में भारी बारिश के दौरान थाना क्षेत्र में मिट्टी से बनी घर की दीवार गिरने से उसमें दबकर एक बच्ची की सोमवार देर रात मौत हो गई। थाना क्षेत्र के कुरथैया गांव में यह हादसा हुआ जिसमें राम सिंहासन राम के डेढ़ साल का पुत्र सत्यम उसमें दब गया। बच्चा मां की गोद में सोया हुआ था। मां बाल-बाल बच गई मगर, बच्चे को काल ने छीन लिया। बारिश होने से मिट्टी का दीवार कमजोर हो गई थी। स्वजन बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास ले गए। लेकिन, वह जीवित नहीं था। घर में कोहराम मच गया। रो-रोकर स्वजनों का बुरा हाल है। मां-पिता बदहावाश हैं।
दूसरी ओर, समस्तीपुर में नाव हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नाव के एचटी तार की चपेट में आने से हुआ। उस समय नाव सवार बाढ़ के कारण ऊंचे स्थान पर सोने के लिए जा रहे थे।