मुजफ्फरपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान बंदूक का बैरल फटा, पांच जख्मी Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र की घटना। डुबरबाना गांव में आई बरात में हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान बंदूक का बैरल फट गया। इससे कैमरा मैन समेत पांच जख्मी हो गए।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। देवरिया थाना के डुबरबाना गांव में शुक्रवार की रात आई बरात में जश्न के दौरान फायरिंग में बंदूक का बैरल फटने से ग्रामीण कैमरा मैन व चार बरातियों के जख्मी होने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जाता है कि गांव के दिवाकर सिंह की पुत्री की बरात साहेबगंज थाने के करनौल गांव से आई थी।
दरवाजा लगने के क्रम में ढोल- नगाड़ों के बीच जश्न में फायरिंग की जा रही थी। इस दौरान अचानक बंदूक का बैरल फट गया जिसमें ग्रामीण कैमरा मैन विवेक उर्फ मुनटुन सहित चार अन्य बराती भी घायल हो गए। घायल विवेक को गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि घायल बरातियों का इलाज अन्यत्र चल रहा है।
बताया गया कि मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए 11.5 बजे दरवाजा लगाया जा रहा था। इसी बीच ग्रामीण और बराती की ओर से जश्न में फायरिंंग शुरू कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही वहां अफरातफरी मच गई और लोग दरवाजे से भागने लगे। थानाध्यक्ष संजय स्वरूप ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।