भारत-नेपाल बॉर्डर पर पांच विदेशी नागरिक गिरफ्तार, चार भूटान तो एक तिब्बत के हैं रहनेवाले
भारत-नेपाल बॉर्डर पर मंगलवार को पांच विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तारी उस समय हुई जब ये सब भारत से नेपाल जा रहे थे। चार भूटान तो एक तिब्बत के हैं रहनेवाले।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। भारत-नेपाल बॉर्डर पर मंगलवार को पांच विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तारी उस समय हुई, जब ये सब भारत से नेपाल जा रहे थे। नेपाल-भारत मैत्री बस सेवा की जब जांच की गई तो इन लोगों के पास पासपोर्ट या वीजा नहीं था। बताया जाता है कि नेपाल के पर्सा जिले में वीरगंज पुलिस ने जांच के दौरान गिरफ्तार किया। गिरफ्तार विदेशी नागरिक बिहार के बोधगया में बस पर सवार हुए थे। गिरफ्तार लोगों में चार भूटान तो एक तिब्बत के रहनेवाले हैं।
रक्सौल पूर्वी चंपारण नेपाल के पर्सा जिला वीरगंज में सशस्त्र पुलिस ने भारत से नेपाल में प्रवेश करते इन सबों को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी देते हुए डीएसपी अमर खत्री ने बताया कि यात्री बस नेपाल-भारत मैत्री सेवा नंबर (बा 5 ख 2388) की सुरक्षा कर्मियों ने जांच की, तब पासपोर्ट नहीं रहने की जानकारी सामने आई। गिरफ्तार विदेशी नागरिकों की पहचान भूटानी नागरिक 19 वर्षीय चंडू लम्हों, 43 वर्षीय चोडेन तमांग, 65 वर्षीय डोलमा तंमाग, 70 वर्षीय ज्ञान बहादुर तंमाग और तिब्बती नागरिक 40 वर्षीय कुन चोक टसमो को के रूप में की गई है।
डीएसपी खत्री ने बताया कि इन लोगों के पास केवल परिचय पत्र है। अंतरराष्ट्रीय सीमा उल्लंघन कानून के तहत गिरफ्तार विदेशी नागरिकों से सुरक्षाकर्मी पूछताछ कर रहे हैं। नियमानुसार विदेशी नागरिकों के पास पासपोर्ट और वीजा आवश्यक है। गिरफ्तार विदेशी नागरिक भारतीय सीमा की ओर वापस करने की मांग कर रहे थे।
नेपाल 2020 को पर्यटन वर्ष घोषित किया है। संभावना है कि उक्त विदेशी नेपाल भ्रमण करने जा रहे थे। इस क्रम में नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब सवाल यह उठता है कि बिहार के बोधगया से उक्त विदेशी नागरिक रक्सौल पहुंच गए, परंतु भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को इसकी खबर तक नहीं है। जबकि सीमा पार करते ही इन सबों को नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया।