मधुबनी के भूतही बलान नदी में पांच बच्चे डूबे, दो भाइयों की मौत Madhubani News
तीन बच्चों को बचाया गया एक का शव मिला। दूसरे बच्चे की खोज जारी कोलकाता में नौकरी करता मृत बच्चों का पिता।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के मधेपुर थाना के बिसनपुर गांव के दो भाइयों की भूतही बलान नदी में डूबने से मौत हो गई। हालांकि, इसमें डूबे दो बच्चों को बचा लिया गया। घटना शनिवार दोपहर की है। हादसा तब हुआ जब गांव के पांच बच्चे एक साथ नदी में नहाने गए थे। पानी गहरा होने के कारण पांचों बच्चे डूबने लगे। कुछ ही दूरी पर नदी तट पर मछली मार रहे मटरस गोढ़ियारी टोला निवासी कुशे मुखिया की नजर अचानक डूब रहे बच्चों पर गई। उन्होंने बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे। जबकि विकास कुमार (9) और रिकेश कुमार (7) को नहीं बचा सके। दोनों की डूब जाने की सूचना पर ग्रामीण नदी में बच्चों को खोजने लगे। इसमें विकास का शव मिल गया। वहीं समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ द्वारा दूसरे की खोज जारी थी। मृतक के पिता बब्लू यादव कलकत्ता में गाड़ी चलाते हैं।
इधर मृतक की मां बेबी देवी, दादा अशेश्वर यादव व दादी फूलो देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। डूबे बच्चों के साथ प्रमोद यादव के पुत्र प्रवीण यादव (6), अरविंद यादव (8) व संजय यादव के पुत्र अजीत यादव (5) भी नहाने गए थे। इन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। दीपावली के अवसर पर गांव का महौल गमगीन हो गया है।