फिल्म के जरिए आदर्श ग्राम का संदेश
मुजफ्फरपुर शहर स्थित डीआरबी मॉल में हिदी फिल्म टांय-टांय फिस्स का गुरुवार को प्रमोशन हुआ।
मुजफ्फरपुर : शहर स्थित डीआरबी मॉल में हिदी फिल्म टांय-टांय फिस्स का गुरुवार को प्रमोशन हुआ। इस अवसर पर हीरो रोहित कुमार और विलेन की भूमिका अदा कर रहे मुजफ्फरपुर निवासी चंदन कुमार गुप्ता समेत अन्य कलाकारों के साथ बैठ कर दर्शकों ने फिल्म का आनंद लिया। वहीं इसके बाद शहर में रोड शो का आयोजन किया गया। रोड शो के दौरान कलाकारों का शानदार स्वागत किया गया। फिल्म में मेन हीरो की भूमिका अदा कर रहे रोहित ने बताया कि उनका जन्म वैशाली जिले के महनार में हुआ है, लेकिन उनका परिवार अजमेर में बस गया है। बिहार की धरती से लगाव रहा है। यही वजह है कि वह फिल्म के प्रमोशन के लिए मुजफ्फरपुर आए हैं। बताया कि फिल्म की कहानी आदर्श ग्राम पर आधारित है। गांव का नाम सुंदरपुर है, लेकिन यह गांव कही से सुंदर नहीं है। फिल्म का हीरो इस गांव को सुंदर बनाने की ठानता है। इस फिल्म में कॉमेडी के जरिए कई संदेश दिए गए हैं जिन्हें दर्शक पसंद कर रहे हैं। रोहित ने बताया कि फिल्म की मुख्य नायिका रसिया की लेसन करिमोवा है। इसके अलावा एश्वर्या तपाड़िया, डेविड जान, मुश्ताक खान, मनोज जोशी व गोविंद नामदेव आदि मुख्य भूमिका में है। सिद्धिका सिनेक्राफ्ट के बैनरतले बनी इस फिल्म को शैलेंद्र सिंह राजपूत ने निर्देशित किया है। शिव प्रसाद शर्मा व संजीत कुमार ठाकुर प्रोडयूसर और मनोज खंडेवाल को-प्रोडयूसर हैं।
फिल्म की कहानी मलिन महासरे और पटकथा शैलेंद्र सिंह राजपूत ने लिखी है। संदीपश्री ने संगीत दिया है। मनीषा, जमीर अहमद, इरा के लिखे गीत को पार्श्वगायक जावेद अली, शान, ममता शर्मा, खुशबू जैन और एन मास्टर आदित्य ने आवाज दी है। बताया छात्र-छात्राओं को एक टिकट पर दूसरा टिकट मुफ्त दिया जा रहा है।