दरभंगा में दो पक्षों में जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी, 22 लोग घायल
काली पूजा के मौके पर आयोजित जागरण के मंच चढ़ने को लेकर हुआ था विवाद, सभी घायलों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
मुजफ्फरपुर ( जेएनएन)। दरभंगा जिले के हायाघाट के औलियाबाद गांव में शनिवार की सुबह दो पक्षों में जमकर मारपीट एवं रोड़ेबाजी हुई। इसमें एक पक्ष के 18 और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस कैंप कर रही है। थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक ने बताया कि पुलिस गांव में शांति बहाली के प्रयास में जुटी है। घायलों के इलाज के बाद उनका बयान दर्ज किया जाएगा। जानकारी के अनुसार औलियाबाद में शुक्रवार की रात काली पूजा के मौके पर जागरण का आयोजन किया गया था।
इस दौरान एक पक्ष के कुछ युवक मंच पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। उनको मना किया गया। नहीं मानने पर लप्पड़-थप्पड़ हुई। इसको लेकर आक्रोश भड़का। हालांकि गांव के बड़े-बुजुर्गों ने अगले दिन पंचायत करने की बात कही। सुबह में पंचायत की तैयारी चल रही थी। इस बीच कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट एवं रोड़ेबाजी शुरू हुई। सूचना पर दल बल के साथ थानाध्यक्ष पहुंचे। चार महिलाएं समेत दोनों पक्ष के 22 घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में एक पक्ष की रुना देवी (33) पति सुमरित पासवान, इंद्रदेव पासवान के पुत्र प्रमोद पासवान (33), धनमंत कुमार(22) एवं पत्नी रजिया देवी (65), कुंदन कुमार (21) पिता रेवतीकांत पासवान, मदन पासवान (48) पिता गनौर पासवान, बिरजू पासवान(16) पिता दिनेश पासवान, रजनी कुमारी (25) पति ओमक्रांत पासवान, शंकर कुमार पासवान (42) पिता लक्ष्मीकांत पासवान, अनिता देवी (30) पति लक्ष्मण पासवान, रीना देवी (30) पति प्रमोद पासवान, चंदन कुमार पासवान (23) पिता देवीकांत पासवान, परमेश्वर पासवान(40) पिता रीझन पासवान, सूरज कुमार (18) पिता मदन पासवान, गुरुदयाल पासवान (61) पिता स्व. जीओ पासवान,
मरनी देवी (50) पति कालीचरण पासवान, मदन पासवान (48) पिता गनौर पासवान, ओमकांत पासवान (40) पिता स्व. बच्चेलाल पासवान, देवचंद्र पासवान (20) पिता उमेश पासवान और दूसरे पक्ष के स्व. विंदेश्वर सिंह के पुत्र श्यामानंद सिंह (50) व सदानंद सिंह (40), जयइंद्र सिंह (40) पिता परमेश्वर प्रसाद सिंह, बमबम सिंह (18) पिता देवेंद्र सिंह शामिल हैं।