सदर अस्पताल में खुला महिला वार्ड, नहीं भर्ती हुए मरीज Muzaffarpur News
सदर अस्पताल को कराया गया सैनिटाइज आउटडोर में मरीजों का हुआ इलाज। कोरोना संक्रमण के कारण बंद महिला वार्ड को खोल दिया गया है। वहां पर गुरुवार कोई महिला मरीज भर्ती नहीं हुई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सदर अस्पताल में कोरोना संक्रमण के कारण बंद महिला वार्ड को खोल दिया गया है। वहां पर गुरुवार कोई महिला मरीज भर्ती नहीं हुई। एईएस वार्ड को भी चालू कर दिया गया। इस बीच सदर अस्पताल में आउटडोर सेवा चलती रही। आउटडोर में 155 मरीजों का इलाज किया गया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ.एनके चौधरी ने बताया कि लेखापाल विपिन पाठक की देखरेख में पूरे अस्पताल का सैनिटाइजेशन कराया गया। यह प्रक्रिया रोज चलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि आउटडोर में आने वाले मरीजों का स्क्रीनिंग कराने के बाद ही उनका इलाज हो रहा है। तीन दिन बाद महिला वार्ड खुला है। आज कोई ऐसा मरीज नहीं आया जिसको भर्ती कराना पड़े। लेकिन पूर्व की तरह महिलाओं की डिलीवरी व जांच की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। चिकित्सक व पारा मेडिकल स्टाफ का रोस्टर जारी कर दिया गया है। यहां पर 24 घंटे चिकित्सक तैनात रहेंगे। उपाधीक्षक ने कहा कि वह खुद वार्ड का निरीक्षण किए हैं। आम लोगों से अपील किया कि वह घर से बाहर जब भी निकले मास्क का उपयोग करें। शारीरिक दूरी नियम का पालन करे। खुद बचे व दूसरे को भी बचाएं।