रिश्ते शर्मसार: ससुर ने बहू से किया गलत काम करने का प्रयास विफल होने पर की जिंदा जलाने की कोशिश
दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना का मामला। एक दरिंदे ने ससुर बहू के रिश्ते को तार-तार कर दिया। बहू के साथ ससुर ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। पीडि़ता ने दर्ज कराई प्राथमिकी।
दरभंगा, जेएनएन। बंगलागढ़ स्थित एक मोहल्ला में एक दरिंदे ने ससुर बहू के रिश्ते को तार-तार कर दिया। बहू के साथ ससुर ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। शोर करने पर पति सहित अन्य लोग पहुंचे तो पीडि़ता की लाज बची। लेकिन, पीडि़ता के हल्ला करने घर वाले नाराज हो गए। इसके बाद ससुर, सास और देवर ने मिलकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। बदन पर केरोसिन तेल छिड़क दिया। माचिस की तिल्ली जलता उससे पहले पति और अन्य लोगों ने माचिस छीन ली। इसके बाद पीडि़ता की जान बची।
मामले को लेकर पीडि़ता ने विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने अपने ससुर राजकिशोर दास, सास लक्ष्मी देवी, देवर राजकुमार दास एवं अन्य को आरोपित किया है। कहा कि उन्होंने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया है। दोनों पति-पत्नी खुशी पूर्वक रह रहे हैं। लेकिन, ससुरालवालों को इस शादी से आपत्ति है। हमेशा दहेज की मांग करते हैं।
दहेज नहीं देने की स्थिति में घर से भगाने की कोशिश की गई। इस क्रम में उसके साथ ससुर दुष्कर्म करने की कोशिश की। सास ने इसमें साथ दिया। कहा- इसके साथ जब दुष्कर्म होगा तो यह लाज से अपने आप घर छोड़कर फरार हो जाएगी। इसके बाद ससुर कमरे में घुसकर टूट पड़ा। बचाव करने में पीडि़ता का कपड़ा फट गया। हल्ला करने पर पति सहित अन्य लोग जुट गए। जिससे उसकी अस्मत बच गई। मामले को लेकर थानाध्यक्ष पवन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।