समस्तीपुर में पुत्रों की पिटाई से पिता की मौत, एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरा फरार
अपने मां की पिटाई से आहत पुत्रों ने पिता पर किया प्रहार। घटना उजियारपुर थाना के चांदचौर पूर्वी पंचायत के जनकपुर में हुई। दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले में कलियुगी पुत्रों की पिटाई से पिता की मौत हो गई। यह घटना उजियारपुर थाना के चांदचौर पूर्वी पंचायत के जनकपुर में हुई जहां दो कलियुगी पुत्रों ने अपने पिता की इतनी पिटाई कर दी कि उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि धर्मदेव सिंह (57) का किसी बात से पत्नी राजलक्ष्मी देवी के साथ झगड़ा हो गया था। शनिवार की सुबह हुए इस झगड़े के कारण पत्नी कही रूठकर चली गई। इससे आहत दोनों पुत्रों ने मिलकर पिता की बुरी तरह पिटाई कर दी। जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। गंभीर अवस्था में उन्हें ताजपुर अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्थिति देखकर चिकित्सक ने रेफर कर दिया जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पुत्रों में से एक मंजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा पुत्र धनंजय कुमार सिंह फरार बताया गया है। इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर उनके परिजनों व स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस एक अन्य आरोपित पुत्र की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवा दिया है। पुलिस के अनुसार, जल्द ही दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप