पूर्वी चंपारण के सुगौली से पहली बार विधायक बने ई. शशिभूषण सिंह, क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी
East Champaran News जिले के सुगौली विधानसभा क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित हुए राजद विधायक ई. शशिभूषण सिंह उर्फ शशि सिंह से क्षेत्र के लोगों को अपेक्षाएं बढ़ गई है। राज्य में विपक्ष की भूमिका के साथ सुगौली की जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति करना एक बड़ी चुनौती होगी।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के सुगौली विधानसभा क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित हुए राजद विधायक ई. शशिभूषण सिंह उर्फ शशि सिंह से क्षेत्र के लोगों को अपेक्षाएं बढ़ गई है। राज्य में विपक्ष की भूमिका के साथ सुगौली की जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति करना एक बड़ी चुनौती होगी। इलाके में सुगौली को अनुमंडल और रघुनाथपुर को प्रखंड बनाने के साथ बाढ़ व कटाव से बचाव के लिए सार्थक कदम उठाना, रोजगारपरक लघु उद्योगों की स्थापना से लेकर क्षेत्र में उच्च शिक्षा की व्यवस्था, विधानसभा के दोनों प्रखंडों में स्वास्थ्य,शिक्षा व सड़क की व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करना, लोगों के मान सम्मान की रक्षा करना समेत अन्य कई अपेक्षाएं है। इसे अगले पांच वर्षो में लोगों तक इन सेवाओं को पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
इस चुनाव में बढ़चढ़ कर वोट करने वाले दो प्रखंड की युवाओं की भी कई अपेक्षाएं है। इलाके के युवक संतोष जयसवाल ने बताया कि सुगौली में रेफरल अस्पताल और पीएचसी की चिकित्सीय सेवा को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। बालक व बालिकाओं की उच्च शिक्षा के लिए स्नातक कालेज की व्यवस्था करने की जरूरत है। राजेश कुमार ने कहा कि कृषि आधारित उद्योग की स्थापना से क्षेत्र के लोग समृद्ध होगी। रामभरोस यादव ने कहा कि रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों से चिकित्सक की कमी का दंश झेल रहा है। अस्पताल हमेशा बंद रहता है। हर बार इसे लेकर लोग मांग उठाते हैं परंतु आजतक सुधार नहीं किया जा सका।
युवा विधायक चुने गए है इस कारण से लोगों की मानसिक और शारीरिक परेशानी को समझते हुए चिकित्सक की नियुक्ति किए जाने की ओर ध्यान दिया जाना चाहिए। सैरुल खातून ने कहा कि प्रखंड में एक महिला महाविद्यालय की स्थापना की लालसा लोगों में अब तक पूरी नहीं हुई है। लोग आश्वासन देते रहे लेकिन आज तक यह मुद्दा ही बना रहा। इसके लिए प्रखंड की बालिकाओं को उच्चतर शिक्षा के लिए बेहतर विकल्प नहीं होने के कारण तथा असुरक्षा के भय से लड़कियां अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दे रही है। महिला कॉलेज के निर्माण के साथ ही लड़कियों में आत्मबल का संचार होगा।लड़कियों को प्रखंड से दूर जाना पड़ता है जिससे उनकी सुरक्षा पर संदेह बना रहता है।
पहली बार क्षेत्र से युवा विधायक चुने जाने के नाते लोगों में खासकर प्रखंड क्षेत्र की महिलाओं में महिला कॉलेज निर्माण की आस जगी है। प्रखंड क्षेत्र में डिग्री कॉलेज नही रहने के कारण स्थानीय छात्र व छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए भटकना पड़ता है। इससे परेशान होकर अधिकांश गरीब बच्चे पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते है । नवनिर्वाचित विधायक से अपेक्षा है कि प्रखंड मुख्यालय में एक डिग्री स्तर की महाविद्यालय की स्थापना हो जिससे स्थानीय छात्र व छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हो सके।
इस बारे में सुगौली के विधायक ई. शशिभूषण सिंह उर्फ शशि सिंह ने कहा कि कोई काम मुश्किल नहीं होता। जनता का साथ रहे तो हर काम आसान है। सुगौली विधानसभा की मुख्य समस्या बाढ़ से निजात दिलाने के लिए पहला कदम उठाया जाएगा। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का लगातार प्रयास करूंगा। क्षेत्र में चौमुखी विकास के लिए हर काम किए जाएंगे।