INDIA BOOK OF RECORDS : समस्तीपुर की तीन साल की अन्वीक्षा का नाम दर्ज,जानें उनकी उपलब्धि Samastipur News
INDIA BOOK OF RECORDS हसनपुर प्रखंड के पटसा गांव निवासी तीन साल की बच्ची ने किया इलाके का नाम रोशन। तीन मिनट में एशियाई देशों की राजधानियों के नाम सुना दिए।
समस्तीपुर, जेएनएन। हसनपुर प्रखंड के पटसा गांव निवासी रमेश कुमार झा की तीन साल की पुत्री अन्वीक्षा भारद्वाज ने इलाके का नाम रोशन किया है। उसने तीन मिनट में भारत समेतएशियाई देशों की राजधानियों के नाम सुनाकर अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया। उसे स्टूडियस किड से सम्मानित किया गया है। उसकी उपलब्धि से यहां खुशी का माहौल है। भारत सरकार से मान्यता प्राप्त संस्था आइबीआर की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में अन्वीक्षा की प्रतिभा देख चयन समिति के सदस्य भी दंग रह गए।
पिता रमेश हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पत्नी प्रतिभा कुमारी और बच्चों के साथ रहते हैं। शिक्षण कार्य से जुड़े हैं। आठ माह पूर्व अन्वीक्षा के भाई विशेष भारद्वाज ( छह) ने 11 मिनट में हिंदी की 170 लोकोक्तियों को सुनाकर अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करा चुका है। बहन भी प्रेरित हुई। मां प्रतिभा कुमारी पशु-पक्षियों और फलों से देश-विदेश की राजधानियों का नाम जोड़कर याद कराने लगी। इसका नतीजा सुखद रहा। लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विद्यापीठ के प्रो. डॉ महानंद झा ने उसे 11000 देकर पुरस्कृत किया है। माता-पिता को भी बधाइयां मिल रही हैं।