शुष्क मौसम और धूप के कहर से लोग त्रस्त, भादो में पड़ रही गर्मी से सभी भौंचक्क Muzaffarpur News
पहले भादो में रहता था धूप-छांव होती थी बारिश भी। अगस्त में बारिश न होने से मौसम काफी शुष्क हो गया है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उमस भरी गर्मी के साथ धूप का कहर लोगों को हलकान किए हुए है। भादो में ऐसी गर्मी की उम्मीद नहीं थी। इस सप्ताह भी गर्मी से लोग त्रस्त रहे। 24 घंटे में अधिकतम तापमान लगभग 2 सेल्सियस अधिक रहा।
अगस्त में बारिश न होने से मौसम काफी शुष्क हो गया है। जमीन से लेकर आसमान तक से आग निकल रही है। किसानों का कहना है कि भादो में ऐसी गर्मी कभी नहीं पड़ी थी। धूप तेज होती थी। लेकिन, हवा भी चलती थी और बादल भी आते थे। बारिश भी होती थी। ये तो साफ रेतीला मौसम हो गया। सोमवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा। शुष्क मौसम सुबह से ही था। सूर्य उदय के साथ धूप की चमक तेज थी। उमस भरी गर्मी थी। न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में तापमान 2 डिग्री अधिक रहा।
बारिश न होने से खेतों में भी दरार पड़ गई है। धान की फसल बचाने में किसानों को पसीना आ रहा है। सप्ताह में एक दिन भरपूर सिंचाई करनी पड़ रही है। फिर भी खेत सूख रहा है।
किसानों का कहना है कि भादो में ऐसी गर्मी कभी नहीं पड़ी थी।