Move to Jagran APP

उत्तर बिहार में बारिश से नदियों में उफान मधुबनी में स्थिति गंभीर

पश्चिम चंपारण में गंडक बराज से शाम तक एक लाख 58 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यहां पहाड़ी नदियों का कटाव जारी है। पूर्वी चंपारण के सुगौली बंजरिया और पताही प्रखंड क्षेत्र में कई गांव बाढ़ की चपेट में हैैं। समस्तीपुर गंगा का कम होने के बाद भी परेशानी है।

By Ajit KumarEdited By: Published: Sat, 21 Aug 2021 09:02 AM (IST)Updated: Sat, 21 Aug 2021 09:02 AM (IST)
उत्तर बिहार में बारिश से नदियों में उफान मधुबनी में स्थिति गंभीर
उजियारपुर प्रखंड में बूढ़ी गंडक का जलस्तर फिर तेजी से बढ़ रहा है। फोटो- जागरण

मुजफ्फरपुर, जाटी। उत्तर बिहार कई क्षेत्रों में शुक्रवार को झमाझम बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। नदियों में उफान से मधुबनी जिले के बेनीपट्टïी प्रखंड क्षेत्र में स्थिति गंभीर होती जा रही है। यहां धौंस, खिरोई, थुम्हानी, कोकरा और बछराजा नदी कहर बरपा रही है। सड़कों पर पानी बह रहा है। कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग हो गया है। वहीं मधवापुर में रातो नदी का पानी घटने से थोड़ी राहत मिली है। पश्चिम चंपारण में गंडक बराज से शाम तक एक लाख, 58 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यहां पहाड़ी नदियों का कटाव जारी है। पूर्वी चंपारण के सुगौली, बंजरिया और पताही प्रखंड क्षेत्र में कई गांव बाढ़ की चपेट में हैैं।

loksabha election banner

समस्तीपुर जिले में गंगा का जलस्तर कम होने के बाद भी परेशानी है। मोहिउद्दीनगर, मोहनपुर, पटोरी और विद्यापतिनगर में कई क्षेत्रों में नाव का ही सहारा है। उजियारपुर प्रखंड में बूढ़ी गंडक का जलस्तर फिर तेजी से बढ़ रहा है। डेढ़ माह बाद बूढ़ी गंडक का पानी सरेह में फैलने लगा है। पशु चारा की समस्या बढऩे लगी है। कई घरों में भी पानी घुस गया है। ये लोग ऊंचे स्थानों पर जाने लगे हैैं। शिवहर जिले के बेलवा-नरकटिया में पानी कम होने से हल्की राहत मिली है। मगर शिवहर-सीतामढ़ी एनएच -104 और शिवहर-पिपराही -ढाका एसएच -54 पर आवागमन बाधित है। मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड में वाया नदी का जलस्तर बढऩे से कई क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सकरा, कुढऩी और मनियारी में कदाने नदी का कहर जारी है। 

सकरा में कदाने नदी से कई पंचायतें प्रभावित

सकरा, (मुजफ्फरपुर), संस। कदाने नदी के बांध से पानी का बहाव तेज हो गया है। इससे नए इलाकों में पानी पसरना शुरू हो गया। पानी के तेज गति से बढऩे से लोग ऊंचे स्थानो पर शरण ले रहे हैैं। शुक्रवार को बरियारपुर भर्तीपुर रोड पर भी पानी आ गया है। बरियारपुर पंचायत के मुखिया पति जितेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि पंचायत का अधिकतर भाग पानी की चपेट में आने लगा है। अंचलाधिकारी को पत्र दिया गया है। बताते चलें कि कदाने में आई बाढ़ सकरा की एक के बाद एक पंचायत को अपनी चपेट में ले रही है। नदी का पानी उफनाकर व क्षतिग्रस्त बांधों से निकलकर तेजी से नए इलाकों में फैल रहा है। इससे आठ पंचायतों के दो दर्जन से अधिक गांवों में तबाही मची है। चार हजार से अधिक परिवार विस्थापित हो चुके हैं। कई सड़कों पर कमरभर पानी बह रहा है। इससे बाढ़ प्रभावितों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दो दर्जन से अधिक जगहों पर पानी उपला रहा है। रोज नई जगहों पर बांध क्षतिग्रस्त हो रहा है। गनियारी स्लूस गेट से भी तेजी से पानी का रिसाव हो रहा है। बाजी बुजुर्ग पंचायत समेत कई जगहों से लोग अंचल कार्यालय पहुंचकर नाव व राहत की मांग कर रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.