हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी से हो रही उत्तर बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड, जानिए कब तक रहेगा ऐसा
पांच से आठ किलोमीटर की रफ्तार में पछिया चलेगी हवा। 16 से 17 डिग्री अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री के बीच रहने की संभावना।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में अभी ठंड का कहर जारी रहेगा। फिलहाल, इससे राहत नहीं मिलनेवाली है। यह पूर्वानुमान है डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग का। मौसम वैज्ञानिक ए. सत्तार ने बताया कि हिमाचल व जम्मू कश्मीर में हो रही लगातार बर्फबारी व पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कनकनी है। पूरा उत्तर बिहार इसकी चपेट में है।
उन्होंने बताया कि पछिया हवा चलने के कारण और भी ठंड बढ़ गई है। अभी दो दिनों तक पछिया हवा ही चलने की संभावना है। देर सुबह एवं शाम में हल्के से घने कुहासे का असर देखा जा सकता है। इन सबके बीच देर सुबह में धूप निकलने की संभावना है।
टल गई बारिश की संभावना
विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार में बारिश की संभावना अब टल गई है। मौसम विभाग द्वारा बुधवार का रिकॉर्ड अधिकतम तापमान 17.5 व न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग पांच से छह डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग दो डिग्री कम है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि इस दौरान पांच से आठ किलोमीटर की रफ्तार में पछिया हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 16 से 17 डिग्री व न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि किसान अपने खेतों में नमी को बनाए रखें। जिन्होंने बारिश की संभावना को देखते हुए गेहूं पटवन नहीं किया हो, वे पटवन कर सकते हैं। आलू व दूरी के खेतों में किसानों को ध्यान देने की आवश्यकता है। अगर पाले का प्रकोप दिखाई पड़े तो उस पर फफूंदी नाशक दवा का छिड़काव करें।