कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले डॉ. रघुवंश, केंद्र सरकार गरीब व किसान विरोधी
कर्पूरी जयंती सह राजद कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व मंत्री ने किया संबोधित । देश व सूबे की विधि व्यवस्था हो गई चौपट, शिक्षा का स्तर भी नीचे चला गया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। केंद्र की मोदी सरकार गरीब व किसान विरोधी है। कालाधन लाने का जुमला दिया। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने के वादे जुमला ही साबित हुए। विजय माल्या व नीरव मोदी हजारों-करोड़ों देश का रुपया लेकर विदेश भाग गए। ऐसी सरकार को उखाड़ फेकें। देश व सूबे की विधि व्यवस्था चौपट हो गई है। शिक्षा का स्तर नीचे चला गया।
उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने गंजबाजार पर कर्पूरी जयंती समारोह सह विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं। उन्होंने कहा कि राफेल में घोटाला हुआ। देश के रक्षा सौदों में घोटाला कर देश की रक्षा से खिलवाड़ किया। सीबीआइ पर दबाव बनाकर उसका दुरुपयोग किया जा रहा है। आज देश और संविधान पर संकट है। कर्पूरीजी के सपने को साकार करना है। देश व सूबे में व्याप्त सारी समस्याओं का एक ही उपाय है कि दिल्ली की सल्तनत को बदल दें।
विधायक मुन्ना यादव ने विधि व्यवस्था खत्म हो चुकी है। अपराधियो का बोलबाला है। हमें सचेत होने की जरूत है। इसके पहले कर्पूरी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गईं। अध्यक्षता व संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी ने किया।
मौके पर जिलाध्यक्ष मिथलेश यादव, पूर्व विधायक मुसाफिर पासवान, बिजली ठाकुर, रामनंदन सहनी, डॉ. रामबाबू राय, राधेश्याम ठाकुर, राजगीर राम, जवाहर राम, अहमद अंसारी, विक्रांत यादव. अर्जुन गुप्ता, अमित साह, सच्चिदानंद कुशवाहा, शिवजी सहनी आदि थे।