डीएम ने की समीक्षा, बोले- 15 जून तक तटबंधों की सुरक्षा व मरम्मत से संबंधित सभी कार्य करें पूरा
बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक अपडेट लेकर दिए कई निर्देश। डीएम ने दी चेतावनी कहा -कोताही पर संबंधित पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों द्वारा अबतक किए गए कार्यों का अपडेट लिया। इसके बाद तटबंधों की सुरक्षा एवं मरम्मत को लेकर सख्त निर्देश दिए। डीएम ने बाढ़ सुरक्षा से संबंधित विभिन्न तकनीकी विभागों के पदाधिकारियों को आदेश दिया कि 15 जून तक तटबंधों की सुरक्षा एवं मरम्मत से संबंधित सभी कार्य पूरे हों। इसके साथ ही गंडक, बूढ़ी गंडक और बागमती नदियो के बांधों से संबंधित सुलिस गेट के संबंध में की गई तैयारियों की भी डीएम ने समीक्षा की।
परियोजनाओं के कार्यपालक अभियंताओं ने बताया कि शेष बचे सभी कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस पर डीएम ने स्लूस गेटों का नियमित रूप से निरीक्षण करने का पदाधिकारियों को निर्देश दिया। साथ ही उक्त स्थल पर स्थाई रूप से कर्मी की प्रतिनियुक्ति का आदेश दिया। डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि इसमें किसी भी तरह की बहानेबाजी नहीं चलेगी। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सभी संवेदनशील जगहों पर पर्याप्त संख्या में फ्लड फाइङ्क्षटग से संबंधित वस्तुओं का भंडारण करने को कहा।
अखाड़ाघाट क्षेत्र में न हो समस्या इसकी करें व्यवस्था
शहर के अखाड़ाघाट क्षेत्र विशेषकर वार्ड नंबर 15 में बाढ़ के समय समस्या उत्पन्न होती है। इसके लिए डीएम ने वहां भी बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का आदेश दिया, ताकि लोगों को समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र में 15 जून के पूर्व एक पर्यवेक्षिए पदाधिकारी, एक लिपिक, एक कार्यालय परिचारी तथा बाढ़ नियंत्रण के एक सहायक अभियंता की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया है। कम्युनिकेशन प्लान हेतु सभी विभागों के पदाधिकारियों व कर्मियों की सूची जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रत्येक एक किलोमीटर पर होमगार्ड जवान होंगे तैनात
बैठक में अपर समाहर्ता आपदा द्वारा कहा गया कि संवेदनशील स्थलों पर बालू भरा बोरा ,जियो बैग ,बालू एवं बोल्डर स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है । इसके अतिरिक्त तटबंधों पर प्रत्येक एक किलोमीटर के अंतराल में एक होमगार्ड तथा प्रत्येक 10 किलोमीटर में एक तकनीकी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने की कार्रवाई अंतिम चरण में है।
जिला अंतर्गत उपलब्ध सभी गैर एवं सरकारी नावों का सर्वेक्षण कर नावों को निबंधित करने की कार्रवाई भी अंतिम चरण में है। आवश्यक मानव दवाओं की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। अंचलवार मोबाइल मेडिकल टीम का गठन कर लिया गया है। पशु दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। शरण स्थलों के निकट मेडिकल कैंप का संचालन करने हेतु पशु चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति कर ली गई है।
राज्य खाद्य निगम के गोदामों में खाद्यान्न की उपलब्धता भी पूरी है। बैठक में अपर समाहर्ता आपदा समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।