West champaran : बगहा में नल से जलापूर्ति योजना में गड़बड़ी, फरार वार्ड सचिव गिरफ्तार
थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार वार्ड सदस्य जोखनी देवी वार्ड सचिव रामू कुमार संवेदक मनोज पडित पूर्व पंचायत सचिव नरसिंह पड़ित के खिलाफ बगहा दो बीडीओ प्रणव कुमार गिरि के द्वारा नौरंगिया थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पश्चिम चंपारण, जासं। बगहा दो प्रखंड के बेलहवा मदनुपर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में नल-जल योजना में धोखाधड़ी मामले शामिल वार्ड सचिव रामू कुमार को नौरंगिया पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया है। थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार वार्ड सदस्य जोखनी देवी, वार्ड सचिव रामू कुमार, संवेदक मनोज पडित, पूर्व पंचायत सचिव नरसिंह पड़ित के खिलाफ बगहा दो बीडीओ प्रणव कुमार गिरि के द्वारा नौरंगिया थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस जांच में पाया गया कि बीडीओ द्वारा दर्ज प्राथमिकी में लगाए गए सभी आरोप सही पाए गए है। इस लिए नामजद सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाय। एसपी से मिले आदेश के आलोक में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। लेकिन सभी अभियुक्त फरार चल रहे हैं। शनिवार को सूचना मिली कि वार्ड सदस्य राम कुमार को घर पर देखा गया है। सूचना मिलने के बाद उसके घर छापेमारी की गई जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। विदित हो कि मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चित योजना के तहत उक्त पंचायत के सभी वार्डो में नल जल योजना के तहत जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाना था। इसके लिए सरकार ने पहले से चयनित पंचायतों को राशि उपलब्ध करायी गई थी लेकिन अधिकतर पंचायतों में राशि का उठाव तो कर लिया गया था लेकिन धरातल कुछ भी नहीं किया गया था। जिले से आई टीम ने वैसे पंचायतों की जांच कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी थी। जिसके बाद से डीएम ने संबंधित बीडीओ को वैसे पंचायत के वार्ड सचिव , वार्ड सदस्य व अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नल जल योजना में अनियमितता
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए चल रहे कार्य में लगातार अनियमितता उजागर हो रही है। इसी कड़ी में पंचायत राज कोल्हुआ चौतरवा के वार्ड 11,13,14 मेंहदी में जांच में अनियमितता मिलने पर तत्कालीन बीडीओ ने चौतरवा थाना कांड संख्या 31/20 दर्ज कराया था। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में पुलिस जांच हुई। जांच में दोषी पाए गए लोगों की गिरफ्तारी का आदेश जारी हुआ है। अब तक मुखिया और पंचायत सचिव ने ना ही न्यायालय से जमानत कराया है ना ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। इस बीच मामले की जांच विभागीय आदेश के आलोक में डीसीएलआर मो. इमरान ने की। जांच पर सभी की निगाहें टीकी हुई है। दूसरी ओर, बीडीओ कुूमार प्रशांत ने पंचायत सचिव रामचंद्र ठाकुर के खिलाफ प्रपत्र क गठित करने का प्रस्ताव जिला पदाधिकारी को भेजा गया है। बीडीओ ने बताया कि दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा।