अकेली लड़की को घर से उठा ले गए दरिंदे, सामूहिक दुष्कर्म कर बोले- किसी को बताया तो जिंदा जला देंगे
बिहार में फिर एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। इस बार अपराधियों ने लड़की को घर से अगवा कर वारदात को अंजाम दिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें खबर।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। हवस के दरिंदों ने तो इस बार हद कर दी। उन्होंने नाबालिग लड़की को उसके घर से अगवा कर चौराहे पर ले गए, फिर सुनसान जगह खोजकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद अपने एक दोस्त के साथ घर भेजा तो रास्ते में उसने भी दुष्कर्म किया तथा किसी को जानकारी देने पर जिंदा जला देने की धमकी देते हुए छोड़ दिया। घटना की जानकारी देने पर पुलिस ने मामला पंचायत में सुलझाने की बात कही। हालांकि, बाद में वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप पर एफआइआर दर्ज की गई। घटना बिहार के पूर्वी चंपारण जिला स्थित गोविंदगंज थाना क्षेत्र की है।
अकेली लड़की को घर से उठा ले गए दरिंदे, किया सामूहिक दुष्कर्म
बताया गया कि मंगलवार शाम आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबलिग लड़की अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव के तीन युवकों ने उसका अपहरण कर एक चौराहे पर ले गए। वहां सुनसान जगह पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर उसे एक दोस्त के हवाले कर घर पहुंचा देने को कहा। रास्ते में दोस्त ने भी उसके साथ गाड़ी में दुष्कर्म किया। फिर उसे अरेराज लाकर छोड़ दिया।
लड़की किसी तरह घर पहुंची। उसने स्वजनों को पूरी जानकारी दी। लेकिन पुलिस ने मामला पंचायत में सुलझाने की बात कह पल्ला झाड़ लिया। बताया जाता है कि बुधवार को दिनभर पंचायत की गई, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज कराया गया।
एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने लड़की का बयान लेकर मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी भेजा। इस बीच आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।