Move to Jagran APP

सुशील मोदी का बड़ा हमला, कहा- महागठबंधन तो चुनाव से पहले ही हार गया

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को महागठबंधन पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बिहार में चुनाव के पहले ही हार गया। महागठबंधन के अंदर घमासान मचा है

By Rajesh ThakurEdited By: Published: Tue, 26 Mar 2019 05:44 PM (IST)Updated: Tue, 26 Mar 2019 10:20 PM (IST)
सुशील मोदी का बड़ा हमला, कहा- महागठबंधन तो चुनाव से पहले ही हार गया
सुशील मोदी का बड़ा हमला, कहा- महागठबंधन तो चुनाव से पहले ही हार गया

मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को महागठबंधन पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बिहार में चुनाव के पहले ही हार गया। महागठबंधन के अंदर घमासान मचा है। मोदी आज मुजफ्फरपुर में थे। वे मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर वहां घमासान मचा है। कौन कहां से लड़ेगा, वे तय नहीं कर पा रहे हैं, जबकि एनडीए ने एक सप्ताह पहले ही सभी सीटों के उम्मीदवार तय कर दिए थे। हमने लोकसभा चुनाव की पहली बाजी जीत ली है। 

loksabha election banner

मोदी ने कहा कि बिहार में एनडीए सबसे मजबूत गठबंधन है। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार जैसा बेदाग व निर्विवाद चेहरा भी उनके पास है। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर जनता वोट देगी। देश को पूर्ण बहुमत की मजबूत प्रधानमंत्री व सरकार की जरूरत है। कमजोर सरकार बनने पर देश का सोना गिरवी रखना पड़ता है। उन्होंने महागठबंधन को भी अपनी उपलब्धि लेकर जनता के बीच जाने की चुनौती दी। 

पुलवामा हमले पर बोले

पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कहा कि मजबूत सरकार के कारण ही ऐसा हो सका। पहले भी भारत पर आतंकी हमले हुए, मगर पाकिस्तान के अंदर घुसकर पहली बार ऐसी कार्रवाई हुई। अब सामने लोकसभा चुनाव है। देश की सुरक्षा, समृद्धि व सम्मान के मुद्दे पर यह चुनाव होगा। उन्होंने जाति व धर्म से ऊपर उठकर एनडीए उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की। 

वोटों का गणित एनडीए के साथ

उपमुख्यमंत्री ने राज्य में वोटों के गणित को भी एनडीए के पक्ष में बताया। कहा कि वर्ष 1999 में एकीकृत बिहार की 54 में से 41 सीटें हमलोगों ने जीती थी, जबकि 2009 में 40 में 32 व 2014 में 31 सीटों पर जीत मिली। वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव को छोड़ दें, तो आंकड़ा एनडीए के पक्ष में है। इस बार जदयू व लोजपा साथ हैं। एनडीए के पास महागठबंधन से 15 परसेंट अधिक वोट है। राज्य की अधिकतर सीटों पर एनडीए की जीत होगी। 

पार्टी के निर्णय का सम्मान करेंगे गिरिराज

बेगूसराय से गिरिराज सिंह के चुनाव लडऩे से मना करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन के बीच का झगड़ा नहीं था। वे बेगूसराय से ही चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के निर्णय का वे सम्मान करेंगे। उन्होंने राहुल गांधी की गरीबों के खाते में 72 हजार रुपए देने को चुनावी घोषणा बताया। कहा कि कांग्रेस अब कभी सत्ता में आएगी ही नहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर विकास व आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, मुजफ्फरपुर से भाजपा प्रत्याशी अजय निषाद व वैशाली से लोजपा की उम्मीदवार वीणा देवी समेत एनडीए के घटक दलों के जिलाध्यक्ष मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.