DEPUTY CM सुशील मोदी ने कहा: डेयरी के माध्यम से होगी किसानाें व पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि
उप मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री ने मोतिहारी में किया पूर्वी क्षेत्र में लगे मदर डेयरी के पहले प्लांट का उद्घाटन, मदर डेयरी संयंत्र से लाभ के दूरगामी परिणाम आएंगे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि पूर्वी चंपारण के कोटवा के मठबनवारी में स्थापित मदर डेयरी संयंत्र से लाभ के दूरगामी परिणाम आएंगे। किसान व पशुपालकों के लिए आर्थिक समृद्धि का मार्ग साफ होगा। इसका सीधा लाभ पशुपालकों को मिलेगा। वे आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ेंगे। हमसे पहले की सरकार में पशुपालन विभाग की स्थिति ऐसी थी कि उस विभाग के कितने मंत्री और पदाधिकारी हवालात की हवा खा रहे हैं। लेकिन हमारी सरकार आई तो हमने जिम्मेदारी से काम किया। सत्तर साल के इतिहास में ऐसा नहीं हुआ।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने मदर डेयरी के इकाई की स्थापना के माध्यम से एक नए इतिहास की रचना कर दी है। इस डेयरी के माध्यम से किसानों की आर्थिक समृद्धि का रास्ता प्रशस्त होगा।किसानों की आमदनी कैसे बढ़े इसके लिए केंद्र और राज्य की सरकार गंभीर है। कई महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर उतरी गई हैं।खेती के पटवन के लिए अलग से कृषि फीडर 2019 के दिसंबर तक काम करना शुरू कर देगा।
इससे किसानों की निर्भरता महंगे डीजल पर से समाप्त हो जाएगी। डिप्टी सीएम ने इससे पहले केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह व अन्य के साथ मठबनवारी में 15 करोड़ की लागत से बने मदर डेयरी की प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया।
दिल्ली से बाहर कोटवा में खुला मदर डेयरी का पहला प्लांट : राधामोहन
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा है कि दिल्ली के बाद मदर डेयरी का पहला प्लांट कोटवा के मठ बनवारी में उद्घाटित हुआ। यहां दूध देने वाले किसानों को दूसरे संस्थान से अधिक पैसे मिलेंगे जो सीधे उनके बैंक खातों में जाएंगे। कृषि मंत्री ने कहा कि देश के 88 प्रतिशत छोटे सीमांत किसान हैं। उनके पास पांच एकड़ से भी कम ज़मीन है। बड़ी संख्या ऐसे किसान हैं जो भूमिहीन हैं।
केंद्र की मोदी सरकार ऐसे किसानों के लिए समर्पित है। हमारी सरकार पशु धन के विकास और संवर्धन के लिए कृतसंकल्पित है। नस्ल सुधार, पशु आहार, पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमारी सरकार ने काम किया है। वे मदर डेयरी के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। कहा कि 914 गांव के 39 हज़ार पंजीकृत किसानों को दो-दो किलो हरा चारा का बीज वसंत पंचमी के उपहार के रूप में दिया जाएगा। इस हरे चारे को खाने वाले पशुओं के दूध उत्पादन की क्षमता के साथ पशुपालक किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
मौके पर सूबे के पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार, सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह, कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, पीपरा विधायक श्यामबाबू यादव, चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद, गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी, विधान पार्षद बबलू गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेन्द्र गुप्ता, पूर्व विधान पार्षद रामजी शर्मा, डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष दिलीप रथ, प्रबंध निदेशक संजीव खन्ना, वरीय भाजपा नेता चंद्रकिशोर मिश्र, भाजपा महामंत्री डॉ. लालबाबू प्रसाद, मीडिया प्रमुख मोतिहारी लोकसभा भाजपा गुलरेज़ शहज़ाद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।